आम के बाग में पेड़ पर लटका मिला मनोज का शव
गाजियाबाद। निवाड़ी थानांतर्गत पतला कस्बा में पति ने बुधवार को घरेलू कलह और अवैध संबंधों के शक में पत्नी की खेत पर चाकू से गोदकर हत्या दी थी। गुरुवार की सुबह हत्यारोपी ने आम के बाग में जाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आम के पेड़ से चादर के सहारे शव लटका बरामद किया है। पतला निवासी मनोज चौधरी की शादी मसूरी थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर निवासी कोमल से करीब 18 साल पहले हुई थी। उनके दो बच्चे बेटा विपुल (11) व बेटी प्रियांशी (16)हैं। कोमल की कई दिन से तबीयत खराब थी। वह पति से डॉक्टर को दिखाने की बात कह रही थी। मनोज बुधवार की शाम को कोमल को दवा दिलाने डॉक्टर के यहां ले गया। वहां से वह कोमल को बहाने से खेत पर ले गया। वहां दोनों के बीच काफी कहासुनी हुई। आरोप है कि मनोज ने खेत में पत्नी कोमल की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। इस बीच गुरुवार की सुबह खेत में मनोज का शव आम के पेड़ पर बंधे कपड़े से झूलता मिला। आशंका है कि रात में मनोज ने बाग में जाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंचे एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा एवं निवाड़ी थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने छानबीन की। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा का कहना है कि मनोज चौधरी ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। कोमल के भाई हरीश ने मामले में मनोज समेत अन्य के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। निवाड़ी थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि आरोपी पत्नी पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों की काफी समय से अनबन चल रही थी।
















