गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। जीडीए कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उपाध्यक्ष कृष्ण करूणेश ने जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने एवं सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन निस्वार्थ भाव से कर संस्थान की उत्कृष्टता के लिए सार्थक प्रयास करने हेतु प्रेरित किया। 
उन्होंने प्राधिकरण की कार्यशैली में सुधार लाने की दृष्टि से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपस में एक दूसरे का सम्मान कर कार्यालय में सौहार्द पूर्ण वातावरण बनाने पर बल दिया। वीसी का कहना था कि हमें देश प्रेम की भावना के साथ अपने देश के हित में भी कार्य करना चाहिए।
देश के हर नागरिक के मन में देशहित और राष्ट्रहित पहले होना चाहिए। संविधान में दिए गए नागरिकों के कर्तव्यों का निर्वाहन सभी को करना चाहिए। शहीदों की कुर्बानी के कारण ही आज हम आजाद घूम रहे हैं। उनका बलिदान हमेशा देशवासियों को याद रहेगा। इस मौके पर जीडीए सचिव संतोष कुमार राय, चीफ इंजीनियर वीएन सिंह, ओएसडी सुशील चौबे, एफसी सुबेदार सिंह, अपर सचिव, मुख्य अभियंता आदि मौजूद रहे।
















