घर पर पाला है कुत्ता तो कराए रजिस्ट्रेशन, नही तो होगी कार्रवाई

-रजिस्ट्रेशन न कराने वालों पर निगम ने दिखाई सख्ती, नगर आयुक्त ने मांगी रिपोर्ट

गाजियाबाद। पालतू कुत्ता पालने के शौकिन लोगों के लिए जरूरी खबर है। अगर आपने घर पर कुत्ता पाल रखा है और उसका रजिस्ट्रेशन नही कराया है तो आप पर कार्रवाई हो सकती है। या फिर रजिस्ट्रेशन समय अवधि में नही कराने पर 50 रूपए प्रतिदिन के हिसाब से आपको शुल्क देना होगा। जिसके लिए नगर निगम ने पालतू कुत्तों का पंजीकरण नहीं करवाने वालों के कार्रवाई करने की योजना तैयार कर ली है। कुत्ते की रजिस्ट्रेशन के लिए 1 हजार रुपये फीस निर्धारित की गई है। नगर निगम अधिनियम के अनुसार पालतू कुत्ता रखने के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है और नगर आयुक्त के निर्देशानुसार नगर निगम सीमा अंतर्गत जिन लोगों ने पालतू कुत्ते रखे हुए हैं तथा रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है। पर सख्ती बरतना शुरू कर दिया है।

नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि नगर निगम सीमा अंतर्गत पालतू डॉग का डाटा तैयार कराया जा रहा है। जिससे कि नगर निगम पालतू डॉग रिपोर्ट के अनुसार आगामी योजनाएं बनाने में सुविधा रहेगी। जिसके लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश जारी किए जा चुके हैं। जो कि शहर वासियों की सुविधा के दृष्टिगत किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने शहरवासियों, जिन्होंने पालतू कुत्ते रखे हुए हैं उनसे आग्रह करते हुए कहा कि वे प्राथमिकता के आधार पर अपने कुत्तों का पंजीकरण नगर निगम में करवाएं। रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन भी करवा सकते हैं।

उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने बताया कि नगर निगम की सीमा के अंदर पालतू कुत्तों का रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। जो कुत्तों के मालिक पंजीकरण के बिना पकड़े जाएंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी। पालतू कुत्ता पालने वाले लोगों द्वारा 31 मार्च तक रजिस्ट्रेशन करा लिया जाएगा, उनके लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क 1 हजार रूपए रहेगा। 31 मार्च के बाद रजिस्ट्रेशन कराने पर प्रत्येक कुत्ता 1500 रुपए शुल्क देना होगा। इसके अलावा जो 1 मई तक अपने पालतू डॉग का रजिस्ट्रेशन नही कराता है तो उससे प्रतिदिन 50 के हिसाब से शुल्क बढ़ता रहेगा। जिसके लिए शहरवासियों से अपील की गई है कि वह अपने डॉग का रजिस्ट्रेशन नगर निगम में अवश्य कराएं। जो व्यक्ति अपने डॉग का रजिस्ट्रेशन नहीं कराएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। नगर निगम द्वारा अपने डॉग का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए ऑनलाइन सुविधा भी शहर वासियों को दी गई है। गूगल प्ले स्टोर सर्च बार में जाकर गाजियाबाद नगर निगम पेट रजिस्ट्रेशन पर क्लिक कर उक्त एप को डाउनलोड कर पंजीकरण करा सकते है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए किसी भी जानकारी के लिए 7827459535, 8178016949 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।