गाजियाबाद। प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव-2022 की तैयारी को लेकर आज शनिवार को जिले में भाजपा के कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। जन विश्वास यात्रा से लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रोड शो भी आज होगा। मुख्य मंत्री का रोड शो शाम को पांच बजे होने के चलते आज शनिवार को जिले भर में जगह-जगह डायवर्जन लागू रहेगा। शाम को कालका गढ़ी चौक से चौधरी मोड़ होते हुए ठाकुरद्वारा स्कूल के सामने तक रोड शो होने के चलते आज कई जगहों पर रूट डायवर्जन रहेगा। भाजपा की ओर से जन विश्वास यात्रा और रोड शो के लिए आज जिले भर में जगह-जगह डायवर्जन लागू रहेगा। सुबह सात बजे मेरठ से आने वाले वाहनों को मोहिउद्दीनपुर से डायवर्ट किया जाएगा। मुख्य रूप से घंटाघर पूरी तरह से आइसोलेट रहेगा और इस ओर किसी भी दिशा से वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। लोग घर से निकलने से पहले रूट डायवर्जन प्लान जरूर देख लें।
एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि जन विश्वास यात्रा मुरादनगर स्थित हंस इंटर कॉलेज से शुरूआत होगी। ऐसे में सुबह सात बजे मेरठ से आने वाले वाहनों को मोहिउद्दीनपुर से डायवर्ट किया जाएगा। एसपी ट्रैफिक का कहना है कि लोग घर से निकलने से पहले रूट डायवर्जन प्लान जरूर देख लें।जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। जरूरत पडऩे पर इस प्लान में आंशिक संशोधन किया जा सकता है।
हेल्पलाइन नंबर-9643322904 जारी
एसपी ट्रैफिक ने यातायात पुलिस का हेल्पलाइन नंबर-9643322904 जारी करते हुए कहा कि आपात स्थिति में मदद के लिए लोग इस नंबर पर फोन कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के रोड शो के चलते आज सुबह सात बजे से मोहिउद्दीनपुर से कोई भी वाहन मोदीनगर नहीं आएगा। सभी वाहन खरखोदा रोड से भेजे जाएंगे। इसके अलावा लाल कुआं से कोई वाहन घंटाघर की ओर नहीं जाएगा। सभी वाहन साजन मोड़ से लोहा मंडी व हापुड़ चुंगी होकर जाएंगे। नेहरूनगर होली चाइल्ड चौराहा से कालका गढ़ी चौराहा की ओर वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। वहीं,पुराना बस अड्डा से कालका गढ़ी चौराहा व चौधरी मोड़ कोई वाहन नहीं जा सकेगा। हापुड़ तिराहा से व ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर से कोई वाहन घंटाघर की ओर नहीं जा सकेगा। जल निगम टी-प्वाइंट से कोई भी वाहन मेरठ तिराहा की ओर नहीं जा सकेगा।करहेड़ा कट से मेरठ तिराहा जाने वाले वाहनों को नागद्वार से भेजा जाएगा। जन विश्वास यात्रा के घूकना मोड़ से पुराना बस अड्डा से मोहननगर से आने वाले वाहनों को मेरठ तिराहा से मेरठ रोड,राजनगर एक्सटेंशन चौराहा एलटी रोड से भेजा जाएगा। घंटाघर से हापुड़ तिराहा की ओर जाने के दौरान हापुड़ चुंगी से हापुड़ तिराहा की ओर कोई भी वाहन नहीं जा सकेगा।मालीवाड़ा बसंत सिनेमा की ओर से मालीवाड़ा में कोई वाहन नहीं जाएगा। गौशाला पुलिस चौकी से दूधेश्वरनाथ मठ मंदिर व हापुड़ तिराहा तक वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी। वहीं,बागपत से आने वाले सभी वाहन लोनी तिराहा न जाकर पुस्ता मोड़ से दिल्ली की ओर जा सकेंगे। पुस्ता मोड़ से लोनी तिराहा जाने के दौरान लोनी तिराहा से भोपुरा की ओर कोई वाहन नहीं जाएगा। इन सभी वाहनों को लोनी बॉर्डर से भेजा जाएगा। जन विश्वास यात्रा देर रात 10 बजे के बाद भी जारी रहती है नो एंट्री के प्रविधान यात्रा की समाप्ति तक लागू रहेगें।
















