डीएम के पद पर 1 फरवरी 2024 से थे तैनात, सकुशल चुनाव कराने के साथ सरकार की योजनाएं कराई क्रियान्वित
गाजियाबाद। प्रदेश शासन ने जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह का यहां से तबादला कर शासन में सचिव कृषि एवं कृषि विपणन,कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग एवं निदेशक राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद बनाए जाने पर शुक्रवार को उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। आईएएस अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने 1 फरवरी 2024 को जिलाधिकारी के रूप में तैनात हुए थे। इनका लगभग एक साल का यह कार्यकाल जनपद में कई मायनों में बेहतर रहा। वर्ष-2010 के आईएएस अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव को सकुशल संपन्न कराने के साथ-साथ सरकार की योजनाओं का बेहतर तरीके से क्रियान्वित कराया।

इन्होंने अपने इस एक साल के कार्यकाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को सफलतापूर्वक कराया। वर्ष-1994 में इन्द्र विक्रम सिंह सरकारी सेवा में आए थे। वर्ष-2010 में इन्हें पीसीएस से आईएएस में प्रमोशन मिला। पूर्व जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने बातचीत में कहा कि गाजियाबाद में जिलाधिकारी के पद पर तैनात रहते हुए कई अनुभव सीखने को मिले। यहां पर मीडिया से लेकर सामाजिक संगठनों का पूर्ण सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग एवं साथ लेकर सरकारी योजनाओं को बेहतर तरीके से क्रियान्वित कराया गया। जिलाधिकारी रहते हुए इन्द्र विक्रम सिंह ने कहीं कढ़ाई में पकौड़े तले तो कहीं स्कूल बस चलाकर भी लोगों को सीखने की सलाह दी। ऐसे ही बैंकों के मैनेजर समेत प्रतिनिधियों को विकास भवन सभागार में कैद कर लोन के आवेदनों का निस्तारण कराने के लिए इन्हें याद किया जाएगा।
उन्होंने बातचीत में कहा कि जनपद का जिलाधिकारी होने के नाते हमारी जिम्मेदारी थी कि सरकारी योजनाओं का निष्पक्ष तरीके से लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाया जाए। इसलिए इस मुहिम को जारी रखा गया। शुक्रवार को पूर्व जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह को उनके आवास एवं कार्यालय में तबादला होने पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। तबादले की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने कार्यालय पहुंचे। इस दौरान लोगों ने जहां उनके जिले के कार्यकाल को याद किया वहीं नए कार्यकाल के लिए भी शुभकामनाएं दी। इतना ही नहीं जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को भी तबादला होने के बाद अपने कार्यालय में समय पर पहुंचकर रोजाना की तरह सुबह 10 बजे से लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान जो शिकायतें आई। उनका निस्तारण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह के लिए कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों ने विदाई समारोह कार्यक्रम भी किया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने अनुभव साझा किए।एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह से लेकर एडीएम सिटी गंभीर सिंह,एडीएम वित्त एवं राजस्व सौरभ भट्ट ने जिलाधिकारी के साथ चुनाव संपन्न कराने से लेकर उनके साथ कार्य करने को लेकर अपने-अपने अनुभव को साझा किया।
एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह ने कहा कि हर अधिकारी में अपने कार्य करने की अपनी एक कला होती है। जिलाधिकारी द्वारा सभी कार्यों को बारीकी से देखते हैं और कार्य करते हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारी और कर्मचारियों के कार्य में बहुत सहयोग प्रदान किया। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि हमे अपने कार्यों के प्रति पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए। हमें सर्वप्रथम अपने स्तर पर कोई भी कार्य लंबित नहीं रखना है। यही मंत्र हमारी सफलता की कुंजी है। यदि हमारे अधीनस्थ अधिकारी या कर्मचारियों को कार्य करने में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न हो रही है, तो हमें चाहिए कि हम उनका निराकरण करें। उन्हें प्रेम से या डाटकर समझाएं। इससे ही आने वाले समय में अच्छे परिणाम आएंगे।