पहल: ऑनलाइन ऐप से जुड़ेंगे ठेली-पटरी दुकानदार

गाजियाबाद। नगर निगम ने जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की मदद से शहर में ठेली-पटरी दुकानदारों को स्ट्रीट फूड कोर्ट में आवंटित किए जाने वाले खोखे के साथ अब ऑनलाइन ऐप से भी जोडऩे की तैयारी शुरू कर दी है। स्ट्रीट फूड कोर्ट में ठेलों पर बने लजीज व्यंजनों का मजा अब शहरवासी ऑनलाइन आर्डर कर मंगा सकेंगे। डूडा अब शहर में इन ठेले वालों को ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप से जोड़ेगा। डूडा के परियोजना अधिकारी पवन कुमार शर्मा ने बताया कि शहर में अब तक 42 ठेली-पटरी वालों का पंजीकरण किया जा चुका हैं। इनके अलावा 150 ठेली-पटरी दुकानदारों को ओर जोड़ा जाएगा। कोरोना संक्रमणकाल में ठेली-पटरी वालों का कारोबार चौपट होने के चलते प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत बैंकों से 10 हजार रुपए का लोन दिलाकर इन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए पंजीकरण कराए गए हैं। ऐसे में अब इन्हें खाद्य पदार्थ (टिक्की, चाट, चाइनीज फूड, बर्गर आदि भारतीय खाना) वाले दुकानदारों को फूड डिलीवरी ऐप से भी जोड़ा जा रहा है। फिलहाल ऐसे 142 ठेली-पटरी दुकानदारों को चयनित किया गया है। ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप से दुकानदार को जोडऩे के लिए डेढ़ हजार रुपए पंजीकरण शुल्क देना पड़ेगा। डूडा के जरिए इस ऐप से जुडऩे वाले ठेले-पटरी दुकानदार को यह शुल्क नहीं देना होगा। डूडा द्वारा इस धनराशि का स्वयं भुगतान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फूड वैन, ठेली-पटरी पर कारोबार करने वाले दुकानदारों को फूड डिलीवरी के लिए ऐप से जोडऩे की शुरूआत की गई है। शहर में अभी तक 42 दुकानदारों को इस ऐप से जोड़ा जा चुका है। इनके अलावा 150 अन्य दुकानदारों को इस ऐप से जोड़ा जाएगा। इस ऐप से जुडऩे में दिलचस्पी रखने वाले ठेले-पटरी दुकानदार डूडा कार्यालय में अपने आवेदन कर सकते हैं।