संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए सरकारी प्रयास तेज

-निरीक्षण पर निकले नोडल अधिकारी, डीएम और नगरायुक्त
-नगर निगम के विभिन्न जोन का निरीक्षण किया

गाजियाबाद। जनपद के नोडल अधिकारी डॉ. सेंथिल पांडियन सी ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मीटिंग कर डेंगू और मलेरिया से निपटने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में रविवार को उन्होंने शहर का जायजा लिया। नगर निगम सीमांतर्गत साफ-सफाई एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए रविवार को नोडल अधिकारी डॉ. सेंथिल पांडियन सी ने शहर का जायजा लिया। उनके साथ जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह और नगरायुक्त आर.के. सिंह भी रहे। तीनों अधिकारियों ने सबसे पहले विजय नगर जोन के प्रताप विहार में नालों की सफाई तथा जलभराव प्रभावित स्थानों का जायजा लिया। कार्य संतोषजनक पाए जाने पर नोडल अधिकारी डॉ. संथियल ने जलभराव के स्थानों तथा नाले-नालियों में एंटी लारवा स्प्रे करने के निर्देश दिए। तीनों अधिकारी बाद में वसुंधरा जोन का निरीक्षण करने पहुंचे। जहां से मलेरिया के मरीजों की शिकायतें प्राप्त हो रही थी। रामप्रस्थ ग्रीन वैशाली में निरीक्षण के दौरान एक गमले में जलभराव पाए जाने पर नोडल अधिकारी द्वारा जिला मलेरिया अधिकारी जी.के. मिश्रा को तत्काल चालान के निर्देश दिए गए। इस दौरान हाउसिंग सोसाइटी के आस-पास या गमलों आदि स्थानों पर जलभराव रोकने, जल निकासी तथा साफ-सफाई के लिए पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से जनता को जागरूक किया गया। रामप्रस्थ ग्रीन आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने नालों की सफाई के साथ-साथ नियमित नालों में दवाई डालने की अपील की। इस पर नगरायुक्त ने तत्काल प्रभाव से संबंधित अधिकारी को नाले की सफाई के साथ-साथ एंटी लारवा स्प्रे छिड़काव के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी डॉ. सेंथिल पांडियन सी, डीएम व नगरायुक्त ने जनता को जागरूक करने के लिए सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि घरों में कहीं भी जल एकत्र न होने दें तथा कूलर व गमले इत्यादि में एकत्र जल को बाहर निकालें। शरीर को ढककर रखें, पूरी बाजू के कपड़े पहनें, मच्छरदानी का इस्तेमाल करें तथा आस-पास गंदगी न होने दें तथा साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। इसके अलावा अन्य सुझाव जनता को जागरूक करने के लिए दिए गए ताकि मलेरिया व डेंगू इत्यादि से नागरिकों को बचाया जा सके। नोडल अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से साफ कहा कि शहर में कहीं भी जलभराव न हो, इसका ध्यान रखा जाए। नालों की निरंतर सफाई की जाए तथा नालों में जल प्रवाह में रूकावट ना आए। जलभराव के स्थानों में लगातार एंटी लारवा स्प्रे कराया जाए तथा डेंगू व मलेरिया जैसे स्थानों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। शहर में फॉगिंग नियमित रूप से कराने के भी निर्देश दिए गए। तीनों अधिकारियों ने कविनगर जोन का भी जायजा लिया। इस मौके पर अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, एसीएम विनय कुमार व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवतोष शंखधर आदि मौजूद रहे।