- प्रकृति और पर्यावरण में समन्वय व संतुलन ही जीवन का मूल आधार: मनोज गोयल
गाजियाबाद। कौशांबी के पार्षद मनोज गोयल व कौशांबी वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा कौशांबी सेंटर पार्क में सोमवार को फलदार पौधे रोपित किए गये। जिसमें आम, जामुन, बेल, अमरूद, नींबू, कटहल के करीब 30 पौधे लगाए गए। पार्षद मनोज गोयल के प्रयासों से नगर निगम द्वारा हर साल बड़ी संख्या में कौशांबी में पेड़ पौधे लगाए जाते हैं। सोसाइटी के लोग भी पार्षद के प्रयास से उपलब्ध कराए पौधों को अपने यहां लगाते हैं। पार्षद मनोज गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश में चलाए जा रहे प्रदेश स्तरीय वृक्षारोपण जन आंदोलन अभियान 2022 के तहत जन सामान्य से प्रकृति के संरक्षण की अपील की।

वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत पौधा रोपड़ करते हुए पार्षद ने कहा कि वृक्ष प्रकृति द्वारा मानव को दिये गये बहुमूल्य उपहारों में से एक है। हमें इसके महत्व को समझते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। साथ ही साथ यह भी महत्वपूर्ण है कि हम लगाएं गए पेड़-पौधों की देखभाल और उसकी सुरक्षा भी करें, क्योंकि पेड़ है तो कल है। उन्होंने कहा प्रकृति और पर्यावरण में समन्वय व संतुलन ही जीवन का मूल आधार है। पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता हमारी आने वाली पीढ़ी के लिए सबसे बेहतर उपहार होगा।
इस दौरान कौशांबी वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा क्षेत्रीय पार्षद मनोज गोयल का फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी आलोक कुमार, एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय महेश्वरी, सचिव अशोक महेश्वरी, संरक्षक और पार्क समिति के इंचार्ज सुधीश अग्रवाल, कार्यकारणी सदस्य शुभेंदु शेखर हरि, भाजपा नेता अवधेश कटिहार, वार्ड 72 के अध्यक्ष मुरारीलाल सेट सहित क्षेत्र के अन्य निवासी उपस्थित रहे।
















