-निगरानी समितियों को सक्रिय करने के दिए निर्देश
-कोरोना प्रभावित राज्यों से आने वाले व्यक्तियों की खोज करेगी निगरानी समिति
गाजियाबाद। देशभर में बढ़ते कोरोना संक्रमण की रफ्तार के बीच जिले में भी कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या फिर से एक बार बढ़ रही है। ऐसे में राज्य सरकार की ओर से जारी किए गए निर्देशों का सख्ती से पालन करने के लिए आदेश दिए गए हैं। कंटेनमेंट जोन व संक्रमित पाए गए लोगों कि निगरानी भी तेज कर दी गई है। बीते साल लॉकडाउन के दौरान जिले में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए सभी वार्डो में वार्ड निगरानी समिति का गठन किया गया था। जिनमें संबंधित सभासद, सफाई निरीक्षक, सफाई नायक को शामिल किया गया था। जिनके जरिए बाहर से आने वाले लोगों के साथ ही संक्रमित पाए जाने वाले लोगों की भी निगरानी आसानी से हो पा रही थी।
ऐसे में एक बार फिर से खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद द्वारा निगरानी समितियों को सक्रिय करने के आदेश दिए है। मंगलवार को खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद अधिशासी अधिकारी (ईओ) कृष्ण कुमार भड़ाना एवं चेयरमैन रीना भाटी ने कोरोना संक्रमण को लेकर निगरानी समिति के अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में वॉर्ड निगरानी समिति के अध्यक्षों, वॉर्ड नंबर 1 से लेकर वार्ड नंबर 10 तक की वार्ड निगरानी समिति मौजूद रही। ईओ कृष्ण कुमार भड़ाना ने वार्ड निगरानी समितियों को फिर से सक्रिय होने के निर्देश देते हुए कहा कि अपने-अपने वार्डों में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ एवं पंजाब राज्य से आने वाले लोगों पर नजर रखें और उनकी जानकारी पालिका प्रशासन को दें। सभी वार्ड निगरानी समितियां अपने वार्डों में खासी, जुखाम व बुखार से पीडि़त व्यक्तियों को चिन्हित कर प्राथमिकता पर जांच के लिए अर्बन हेल्थ सेंटर में भिजवाकर उनकी कोरोना जांच कराने में सहयोग करें। जिससे समय रहते कोरोना संक्रमण पर फिर से काबू पाया जा सकें।
ईओ ने कहा समितियां लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करें, दो गज की दूरी रखने, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर न जाने, अनावश्यक कार्य से घरों से बाहर ना निकलने और मास्क का प्रयोग करते हुए पालिका प्रशासन का सहयोग करने में योगदान दें। प्रत्येक वॉर्ड निगरानी समिति में रखे गए सरकारी कार्मिकों के द्वारा उपलब्ध कराए गए, जांच के प्राथमिक उपकरणों के माध्यम से वार्ड में घूम-घूम कर संदेहास्पद व्यक्तियों की जांच की जाए। उनका एक रिकॉर्ड दर्ज करें, ताकि आगे के उपचार में लाभ मिल सकें। बता दें कि कोरोना संक्रमण को लेकर खोड़ा नगर पालिका बेहद गंभीर नजर आ रहा है। आज यानि मंगलवार को वार्ड नंबर 11 से वार्ड नंबर 22 तक एवं 23 वार्ड से 34 वार्ड तक गुरूवार को बैठक कर करेगा। इस मौके पर निगरानी समितियों के अध्यक्ष एवं सदस्यगण, कोरोना के नोडल अधिकारी संजीव कुमार, अध्यक्ष प्रतिनिधि योगेश भाटी उपस्थित रहे।
















