-खोड़ा-मकनपुर में स्थाई भवन संख्या उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू
गाजियाबाद। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग राज्यमंत्री वीके सिंह ने खोड़ा-मकनपुर क्षेत्र में स्थाई भवन संख्या उपलब्ध कराने के लिए कार्यक्रम की शुरूआत कर दी है। इस दौरान उन्होंने कहा कि खोड़ा मकनपुर नगर पालिका परिषद ने कठिन परिश्रम कर यह ऐतिहासिक काम किया है। इसके चेयरमैन रीना भाटी एवं नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना बधाई के पात्र है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से खोड़ा में रहने वाले लोगोंं को भवनों के स्थाई नंबरों की वजह से पहचान नहीं मिल पा रही थी। लेकिन अब कोई समस्या नहीं होगी। केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, पालिका परिषद की चेयरमैन रीना भाटी, अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना, भाजपा महानगराध्यक्ष संजीव शर्मा, योगेश भाटी एवं सभासदों की मौजूदगी में शनि बाजार रोड खोड़ा स्थित प्रीतम बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में भवनों के स्थाई नंबर प्लेट का विमोचन किया। वहीं, केंद्रीय मंत्री वीके सिंह एवं चेयरमैन रीना भाटी, विधायक सुनील शर्मा एवं ईओ केके भड़ाना ने मकान पर नंबर की प्लेट भी लगाई।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना ने बताया कि पालिका परिषद क्षेत्र अंतर्गत आवासीय 37 हजार 601 भवन, 2252 फ्लैट, 5211 अनावसीय, व्यावसायिक, कॉमर्शियल भवनों समेत कुल 45064 भवनों को स्थाई भवन संख्या देने और नंबर प्लेट लगाने का कार्य किया गया। यह कार्य नोएडा की कंपनी मैसर्स रेनार्ड कारपोरेट सोल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया। अगले तीन माह में नंबर प्लेट लगाने का कार्य पूरा किया जाएगा।
भवन स्वामियों से नंबर प्लेट के चार्ज के रूप में 200 रुपए प्रति प्लेट लिए जाएंगे। इसकी रसीद भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भवनों की स्थाई नंबर प्लेट लगने के बाद लोगों को पहचान मिलेगी। वहीं, उनकी संपत्ति पर सरकारी सुविधाएं भी मिलना शुरू हो जाएगी।















