31 अक्तूबर को गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाशपर्व पर लेजर शो

गाजियाबाद। गुरुद्वारा दशमेश दरबार, प्रताप विहार, उत्तर प्रदेश पंजाबी एकेडमी के सहयोग से 31 अक्तूबर को शाम पांच बजे लीलावती स्कूल प्रताप विहार में ‘प्रगट भये-गुरु तेग बहादुर ‘ शीर्षक से राष्ट्रीय एकता व धर्म के रक्षक, हिन्द की चादर साहिब श्री गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाशपर्व की कड़ी में एक लेजर शो का आयोजन किया जाएगा।

शुक्रवार को गुरुद्वारा कविनगर जी ब्लॉक में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान प्रबंध समिति के संरक्षक एडवोकेट हरप्रीत सिंह जग्गी ने बताया कि इस लाइट एंड साउंड के लेजर शो के लिए विशेष रूप से पटियाला से कलाकारों की टीम आ रही है और इसके द्वारा गुरु साहिब के गौरवशाली इतिहास, जीवनी तथा उनके बलिदान की जानकारी दी गई है। उत्तर प्रदेश पंजाबी एकेडमी के अध्यक्ष, मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के मार्गदर्शन में एकेडमी प्रदेश के कई नगरों में इसका आयोजन कर चुकी है। अब 31 अक्तूबर को गाजियाबाद में होगा।

उन्होंने बताया कि केन्द्रीय सड़क, परिवहन व राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल (डा0) वीके सिंह, उत्तर प्रदेश पंजाबी एकेडमी के उपाध्यक्ष स0 गुरविन्दर सिंह छाबड़ा (दर्जा प्राप्त राज्य मन्त्री), मौलाना आजाद एजूकेशन फांउडेशन के उपाध्यक्ष सरदार एसपी सिंह व भाजपा महानगर के अध्यक्ष संजीव शर्मा व समस्त गुरुद्वारा प्रबंध समितियों के अध्यक्ष व प्रतिनिधि व अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की गरिमापूर्ण उपस्थिति विशेष रूप से इस लेजर में होगी। प्रबंध समिति इस अवसर पर कोरोना काल में विशिष्ट सेवा करने के लिए कई सामाजिक संगठनों का सम्मान भी करेगी। इस मौके पर हरप्रीत सिंह जग्गी, हरजीत सिंह, सुखविंदर सिंह, सरदार एस पी सिंह, रविन्दर सिंह जौली, धर्मेंद्र सिंह सोहल, हरप्रीत सिंह सलूजा, एससी धींगडा, अमित बग्गा, हरदीप सिंह, अजय चोपड़ा, ओमप्रकाश धमीजा, दलजीत सिंह टिम्मी, जसप्रीत सिंह, गुरमीत सिंह आदि उपस्थित रहे।