यूपी को योगी ने माफिया से दिलाई निजात : अमित शाह

-मेरा परिवार-भाजपा परिवार सदस्यता अभियान की शुरूआत

लखनऊ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे। इस दौरान शाह ने ‘मेरा परिवार-भाजपा परिवार सदस्यता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने उत्तर प्रदेश में सुधरी कानून व्यवस्था पर जोर दिया। शाह ने कहा कि आज कोई भी लड़की स्कूटी पर सवार होकर रात 12 बजे भी यूपी की सड़कों पर बेखौफ तरीके से चल सकती है। डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित कार्यक्रम में गृह मंत्री शाह ने कहा कि केंद्र में यदि वर्ष 2024 में नरेंद्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाना है तो 2022 में एक बार फिर से योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाना होगा। मोदी जी को एक बार फिर मौका दे दीजिए।

गृह मंत्री शाह ने कहा कि हमने उत्तर प्रदेश में लोक संकल्प के सभी वादे पूरे किए हैं, मगर अभी 5 साल का मौका और चाहिए ताकि उत्तर प्रदेश को सभी जगह पर देश में नंबर वन पर लाया जाए। उन्होंने कहा कि यूपी में सबसे बड़ा काम यदि योगी आदित्यनाथ ने किया है तो वह माफिया से निजात दिलाने का काम किया है। लगभग 1,43,000 से ज्यादा पुलिस कर्मियों की भर्ती की गई हैं। पुलिस भर्ती में कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ। मेरठ में विश्वविद्यालय होने के बावजूद वहां की बच्चियां दिल्ली में किराए के घर में रहकर पढ़ाई करती थीं। यूपी में उनकी सलामती नहीं थी। आज कोई भी लड़की स्कूटी पर रात 12 बजे भी उत्तर प्रदेश की सड़कों पर चल सकती है, कोई डर नहीं है।

कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत की कल्पना को साकार किया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में 2014 में नई चेतना आई थी। भाजपा ने जो कहा, वो करके दिखाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हमारा लक्ष्य डेढ़ करोड़ नए कार्यकर्ता बनाने का है। कार्यक्रम में अमित शाह ने सदस्यता लेने वाले कुछ युवाओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। लंबे समय बाद लखनऊ आए अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर भी बड़ा संदेश दे दिया है।