गाजियाबाद। शहर में कूड़ा निस्तारण के लिए नगर निगम ने गंभीरता दिखाई है। कूड़ा निस्तारण में कोताही बरतने पर अब व्यापारियों पर जुर्माना लगाया जा रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार के अलावा सभी जोनल प्रभारियों तथा सफाई निरीक्षकों द्वारा शहर में कूड़ा निस्तारण सही प्रकार से न किए जाने पर जुर्माना वसूला गया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश ने बताया कि शनिवार को आरडीसी-राजनगर स्थित रेस्टोरेंट केएफसी तथा हांडी द्वारा कूड़ा निस्तारण नियमानुसार न करने पर 50-50 हजार का मौके पर जुर्माना वसूला गया।
दोनों रेस्त्रां में पाया गया कि सूखा कूड़ा और गिला कूड़ा अलग-अलग नहीं रखा गया। एक ही डस्टबिन में दोनों प्रकार के कूड़े रखे गए हैं। साथ सफाई व्यवस्था भी सुचारू रूप में नहीं पाई गई। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा पूरे शहर में इसी प्रकार की कार्यवाही की जा रही है, जो कि आगे भी जारी रहेगी, जिससे रेस्टोरेंट, ठेली-पटरी दुकानदार भी अपने आस-पास कहीं भी कचरा न फैलाएं और ना किसी को फैलाने दें। इस प्रकार के कार्य में गाजियाबाद नगर निगम का व्यापारी वर्ग भी सहयोग कर रहे हैं।














