शहर में गोबर बैंक बनाएगा नगर निगम

घरों-डेरियों से एकत्र किया जाएगा गारबेज

गाजियाबाद। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के नेतृत्व में शहर को गोबर की समस्या से निजात दिलाने के लिए विभिन्न योजनाएं बनाई जा रही हैं, जिसमें गोबर से जैविक खाद बनाना, गोबर से उपयोगी सामान बनाना तथा घरों-डेरियों से गोबर एकत्र करने हेतु गोबर बैंक बनाना मुख्य रूप से हैं। गाजियाबाद नगर निगम की गौशाला तथा नंदी पार्क से निकलने वाले गोबर का प्रयोग कर जैविक खाद बनाई जाएगी, जिसका प्रयोग गाजियाबाद नगर निगम की नर्सरी में पेड़-पौधों हेतु किया जाएगा, जिससे नगर निगम को आर्थिक सहायता भी मिलेगी। गोबर का उपयोग कर दीपक, मूर्तियां, बर्तन व अन्य सौंदर्यीकरण की वस्तुएं बनाने का भी कार्य गाजियाबाद नगर निगम द्वारा किया जाएगा, जिससे समाज में इन सामानों का प्रयोग कर जागरूकता बढ़ाई जाएगी। नगरायुक्त द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि महापौर आशा शर्मा तथा पार्षदों व निगम अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर शहर में गोबर बैंक भी बनाए जाने की तैयारी चल रही है। जिसके अंतर्गत शहर में सभी डेरियो से गोबर उठाकर एक निश्चित स्थान पर लाकर उसका सदुपयोग किया जाएगा। इस प्रकार की योजना से नगर निगम के सहयोग से शहर से गोबर की समस्या से निजात मिलेगी तथा शहरवासियों को एक स्वच्छ वातावरण प्रदान किया जा सकेगा।