-आबकारी विभाग ने दबिश में दबोचा शराब तस्कर
गाजियाबाद। जनपद में मिलावटी शराब की ब्रिकी पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग पूरी तरह से अलर्ट है। अवैध अड्डों पर बिकने वाली शराब के सेवन से जन सामान्य को बचाने के उद्देश्य से विभाग निरंतर रूप से कार्रवाई कर रहा है। जनपद में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग का प्रवर्तन अभियान जारी है। आबकारी विभाग के कड़े रुख की वजह से अवैध शराब के कारोबारी जहां अंडरग्राउंड हो गए हैं वहीं विभाग इनकी सारी गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह खुद मोर्चा संभाले हुए है। सभी संभावित स्थानों पर टीम पहुंचकर अवैध कारोबारियों की धर-पकड़ में जुटी हुई है।
इसी क्रम में मोदीनगर में छापामार कार्रवाई कर एक शराब तस्कर को दबोचा गया। आरोपी के कब्जे से 16 पव्वा दिलदार ब्रांड नाजायज देशी शराब बरामद की गई। आरोपी इस शराब की बिक्री कर रहा था। उसके विरूद्ध पुलिस में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है। जिला आबकारी विभाग द्वारा जनपद में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन की रोकथाम के लिए निरंतर प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गाजियाबाद के निर्देशन लगातार छापामार कार्रवाई हो रही है।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 गाजियाबाद रमाशंकर सिंह व थाना मोदीनगर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर विविध संदिग्ध स्थलों ,गांवों, मोहल्लों एवं वार्ड में छापेमारी व दबिश की कार्रवाई की। मोदीनगर के मोहल्ला पीरवाला ग्राम बेगमाबाद बुढ़ाना से अभियुक्त गजराज पुत्र प्रेमदास निवासी मोहल्ला पीरवाला ग्राम बेगमाबाद थाना मोदीनगर को 16 पव्वा दिलदार ब्रांड नाजायज देशी शराब की बिक्री करते मौके से पकड़ा गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धारा के अंतर्गत पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। उधर, जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन को रोकने के लिए विभागीय टीमें दिन-रात अलर्ट मोड पर हैं। सूचना मिलने के साथ तुरंत कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब कारोबारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आबकारी विभाग की टीम सादे वेश पर हर संभावित स्थानों पर छापेमारी कर इनके कारोबार को खत्म करने का काम कर रही है। किसी भी कीमत पर अवैध शराब की बिक्री नहीं होने दी जाएगी।
















