उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। कई मैचों में हार के बाद माही इंडियंस ने मुकाबले में जर्बदस्त वापसी की। रविवार को मोरटा क्रिकेट ग्राउंड पर खेल गये मैच में माही इंडियन ने आरजी लाइन को 5 विकेट से पीट दिया। मैैच में हर क्षेत्र में माही के खिलाड़ियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। मुकाबला काफी रोचक रहा और अंत में माही ने जीत का परचम लहराया। माही इंडियंस के विनोद भारती और आरजी लाइन के अमित को बेस्ट परफॉर्मर का खिताब मिला।
ओस की वजह से पिच गीली होने के कारण मैच देर से शुरू हुआ। आरजी लाइन के कप्तान विपिन गर्ग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। ओपनर देवेंद्र और मोहित ने कप्तान के निर्णय को सही साबित किया और दोनों ने पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। 21 गेंदों में 26 रनों की पारी में मोहित ने 3 चौके और 1 छक्के लगाए। तीन चौके की मदद से देवेंद्र ने 28 रन बनाए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए उमेश शर्मा खाता भी नहीं खोल पाए और विकेट के पीछे अखिलेश राव को कैच थमा बैठे। 12 रनों के स्कोर पर आशीष को विनोद भारती ने बोल्ड किया। कप्तान विपिन गर्ग भी कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ 9 रन बनाकर अखिलेश राव की एक गेंद पर चकमा खाकर विकेट गंवा दिया। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए अमित ने धमाकेदार पारी खेली। महज 20 गेंदों में 24 रन बनाने वाले अमित ने 4 चौके और 1 छक्के जड़े। निर्धारित 20 ओवरों में आरजी लाइन ने 8 विकेट खोकर 150 रन बनाये। गौरव चंदेल और जयवीर सिंह नाबाद रहे। जीत के लिए 151 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी माही इंडियंस ने संभल कर खेलना शुरू किया। खिलाड़ियों ने कप्तान अजय त्यागी की प्लानिंग के अनुसार जहां शुरूआत में आक्रामक खेल दिखाया। वहीं बाद में संभल कर बल्लेबाजी की। कप्तान का यह निर्णय कारगर साबित हुआ और टीम 5 विकेट से विजयी रही। माही के बल्लेबाज पीयूष को 7 रन बनाये। अखिलेश राव ने 18 रन बनाये। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए सोनू जाट ने 21 रन बनाए। मैच के हीरो रहे विनोद भारती ने 29 गेंदों में तीन चौके की मदद से 32 रनों की धाकड़ पारी खेली। एक समय माही इंडियंस के विकेट काफी तेजी से करने लगे तब देशराज सिंह ने एक छोर पर विकेट के पतन को रोक दिया। इस कारण आरजी के गेंदबाज दबाव में आ गये और उन्होंने वाइड गेंदें फेंकने शुरू कर दी। माही इंडियंस को इसका लाभ मिला और 2 ओवर शेष रहते ही 5 विकेट खोकर जीत के लक्ष्य को हासिल कर लिया।
















