भाजपा की शानदार जीत से मेयर दंपति उत्साहित, खेली होली, बजवाए ढोल

गाजियाबाद। देश के चार राज्यों में विधान सभा चुनाव में भाजपा की जबरदस्त जीत पर भाजपाइयों में खुशी का माहौल है। ऐसे में जीत का जश्न जोरों पर जारी हैं। होली से पहले भाजपा नेता और कार्यकर्ता खूग गुलाल उड़ा रहे हैं। इसके अलावा ढोल-नगाड़े की थाप पर ठुमके लगाए जा रहे हैं। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया जा रहा है। सोशल चौकीदार संस्था के संस्थापक एवं मेयर पति केके शर्मा भी भाजपा की बंपर जीत से काफी प्रसन्न हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा सरकार की वापसी से यह बात स्पष्ट हो गई है कि भाजपा के काम को जनता ने दिल से स्वीकारा है। यूपी विधान सभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा को जबरदस्त जीत मिलने के बाद से भाजपा कार्यकर्ता जश्न में डूबे हैं।

शुक्रवार को मेयर आशा शर्मा ने भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर अपने आवास कविनगर में ढोल नगाड़े के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में जश्न मनाया। साथ ही रंगों से होली खेलकर उत्साह मनाया। इस दौरान सभी को मिठाई एवं लड्डू खिलाकर मुंह मीठा कराया गया।

मेयर आशा शर्मा ने बताया कि यह भाजपा की जीत के साथ-साथ हर एक देव तुल्य कार्यकर्ता की जीत है। जिन्होंने दिन रात कार्य किया। साथ ही प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने जो विकास की गंगा बहाई है, देश प्रदेश में सुरक्षा दी है। जिसके कारण आज देश का हर नागरिक सुरक्षित है और आज फिर प्रदेश के नागरिकों ने प्रदेश की कमान योगी जी के हाथ मे देने का निर्णय लिया है। जिसको बखूबी पूरा किया गया है और भविष्य में भी किया जाएगा।

सोशल चौकीदार संस्था के संस्थापक एवं मेयर पति केके शर्मा ने कहा कि पिछले पांच साल में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की सूरत और सीरत में बड़ा बदलाव आया है। इसी को देखकर जनता ने भाजपा को पुन: जनादेश दिया है।