-जे एस इन्वायरो नामक कंपनी कूड़े के नाम पर उठवा रही गोबर
गाजियाबाद। शहर से निकलने वाले कूड़े का कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन में नगर निगम के अधिकारियों द्वारा किए जा रहे दावों की पोल खुल गई है। बुधवार को महापौर सुनीता दयाल ने विजयनगर जोन क्षेत्र में तिगरी गोल चक्कर के पास बनाए गए कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन का औचक निरीक्षण किया तो मामला सामने आया। महापौर ने बताया कि जेएस इन्वायरो नामक कंपनी कूड़े के नाम डेयरी से निकलने वाले गोबर को उठा रही है। महापौर ने मौके पर गोबर पड़ा हुआपकड़ा। वहीं,क्रॉसिंग रिपब्लिक सोसायटी को कूड़ा उठाते हुए कंपनी के कर्मचारी मिले। महापौर ने बुधवार को विजय नगर के तिगरी गोल चक्कर के पास जे एस इन्वायरो नामक कंपनी द्वारा संचालित कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया। स्टेशन पर अंदर जाते ही एक ट्रैक्टर कूड़ा लेकर आ रहा था।
महापौर के पूछने पर ट्रैक्टर चालक ने बताया कि कूड़ा क्रॉसिंग रिपब्लिक सोसायटी से लेकर आ रहा है,चालक ने कैमरे के सामने बोला और सुपरवाइजर की तरफ देखकर वह मुकर गया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली में गोबर भरकर लाता मिला। ट्रैक्टर चालक से पूछा तो बताया कि एक जगह पर गोबर पड़ा था। उसे उठाकर लाए है। खास बात यह है कि जेएस इन्वायरो कंपनी कूड़े उठान की एवज में नगर निगम से भुगतान लेती हैं। जबकि कंपनी के कर्मचारी गोबर उठा रहे हैं। महापौर ने कहा कि इससे यह प्रतीत होता है कि किसी प्राइवेट लोगों का गोबर उठाया जा रहा है और भुगतान नगर निगम से कूड़े के नाम का लिया जाता है।
महापौर ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मिथिलेश कुमार को इसकी सूचना दी। उन्होंने कंपनी की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देाश् दिए। महापौर ने बताया कि जे एस इन्वायरो कंपनी नगर निगम की आंखों में धूल झोंकने का कार्य कर रही हैं। क्रॉसिंग रिपब्लिक सोसायटी का कूड़ा और गोबर उठाने का कार्य कंपनी के कर्मचारी कर रहे है। यह नियम विपरीत है। इस मामले में निगम अधिकारियों को अवगत कराया गया है। इस पर जल्द कार्रवाई की उम्मीद है।
















