मोदी शुगर मिल, गन्ने का 138 करोड़ बकाया, ठोस कार्ययोजना दें: अभिनव गोपाल

-मिल प्रबंधक गन्ना किसानों के शेष भुगतान के लिए एक सप्ताह में प्रस्तुत करें कार्य योजना

गाजियाबाद। मोदीनगर शुगर मिल पर गन्ना किसानों को बकाया भुगतान को लेकर मिल प्रबंधकों को एक सप्ताह में ठोस कार्य योजना देने के निर्देश दिए गए हैं। मोदीनगर शुगर मिल पर गन्ना किसानों का करीब 138.16 करोड़ रुपए बकाया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने जिला गन्ना अधिकारी प्रदीप कुमार तेवतिया,मिल के अध्यासी वेदपाल सिंह मलिक,प्रबंधक सुरेश शर्मा,लाईजन अधिकारी डीडी कौशिक आदि के साथ मोदीनगर चीनी मिल के गन्ना पेराई सत्र 2023-24 के गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा बैठक की।

सीडीओ ने बताया कि समीक्षा में पाया गया कि चीनी मिल पर किसानों का गन्ने का कुल बकाया 316.48 करोड़ रुपए था। इसके सापेक्ष 178.16 करोड़ रुपए का ही किसानों का भुगतान किया गया। जो कुल देयता का लगभग 56.34 प्रतिशत है। सीडीओ ने इस पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि बकाया गन्ना भुगतान कराया जाए। बाकी का करीब 138.16 करोड़ रुपए के गन्ना भुगतान करने के संबंधी में मोदी शुगर मिल के अध्यासी वेदपाल मलिक से जानकारी ली। अध्यासी ने अवगत कराया कि मोदी चीनी मिल के पास लगभग 62.22 करोड़ रुपए की चीनी और शीरे का स्टॉक है।

टैगिंग आदेशानुसार उक्त स्टॉक के मूल्य की 85 प्रतिशत धनराशि लगभग 53.57 करोड़ रुपए हैं। इसका जल्द किसानों को भुगतान कर दिया जाएगा। सीडीओ ने बाकी गन्ना मूल्य का शत-प्रतिशत भुगतान आगामी गन्ना पेराई सत्र 2024-25 से शुरू होने पूर्व करने के लिए मोदीनगर शुगर मिल मालिकों से वार्ता कर एक सप्ताह में ठोस कार्य योजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। अगर चीनी मिल प्रबंधन द्वारा उक्त निर्देशों का पालन नहीं किया जाएगा तो चीनी मिल प्रबंधन के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।