अंतरराष्ट्रीय वन दिवस पर मेयर, नगरायुक्त ने रोपित किए पौधे

-पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पेड़-पौधे बेहद जरूरी

गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय वन दिवस के अवसर पर मेयर आशा शर्मा के नेतृत्व एवं नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशन में गाजियाबाद नगर निगम द्वारा साईं उपवन, कुष्ठ आश्रम के सामने अंतरराष्ट्रीय वन दिवस उत्सव कार्यक्रम में सघन पौधरोपण का शुभारंभ किया गया। मेयर आशा शर्मा ने पौधा रोपित करते हुए कहा कि एक पेड़ अपने पूरे जीवनकाल में हर तरह से मनुष्य के काम आता है। भोजन प्रदान करने, छांव देने, घर बनाने को लकड़ी देने से लेकर सांसे लेने के लिए जीवनदायिनी ऑक्सीजन भी देता है। आपके आसपास जितने अधिक पेड़ उतना कम प्रदूषण। लोगों को वनों की अहमियत समझाने और गरीबी मिटाने, पर्यावरण बचाने और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में पेड़ों की भूमिका बताने के उद्देश्य से लोगों को जागरूक होना बेहद जरूरी है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कहा पर्यावरण संतुलन के लिए आज पेड़ पौधे जरूरत बन गए हैं।इस जरूरत को हमने जल्द पूरा नहीं किया तो आने वाले समय में पर्यावरण इतना असंतुलित हो जाएगा कि हमारे पास सिवाय पछताने के कोई विकल्प नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों में बचपन से ही प्रकृति के प्रति लगाव पैदा करना चाहिए। कार्यक्रम में सघन रूप से विभिन्न प्रजातियों के 2021 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। नगर निगम द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय वन दिवस उत्सव अंतर्गत सघन वन कार्यक्रम में आर.एन. पांडेय अपर नगरायुक्त, डॉ. अनुज कुमार सिंह प्रभारी उद्यान, अजय कुमार उद्यान निरीक्षक व नगर निगम के अन्य कर्मचारियों व मालियों द्वारा भी पौधरोपण किया गया।