हाउस टैक्स वसूली को लेकर नगर आयुक्त हुए सख्त

-15 दिन में पूरा करें निर्धारित लक्ष्य, नही तो होगी कार्रवाई: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। हाउस टैक्स में वसूली को लेकर नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ द्वारा टैक्स विभाग के साथ समीक्षा बैठक की गई। जिसमें राजस्व बढ़ाने हेतु सभी बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा संबंधित अधिकारियों के साथ की गई राजस्व बढ़ाने वाली समीक्षा बैठक में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा, समस्त जोनल प्रभारी तथा कर अधीक्षक भी उपस्थित रहे।
नगर निगम की आय को बढ़ाने के लिए मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़, निगम अधिकारी सहित समस्त पार्षद प्रयासरत हैं। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए लगातार संबंधित टैक्स विभाग द्वारा कार्यवाही में तेजी लाई जा रही है। जिन घरों पर टैक्स नहीं लगे हैं, उनको टैक्स के दायरे में लाया जा रहा है। सभी जोनल प्रभारियों को अवकाश के दिन भी विशेष कार्य योजना बनाते हुए कैंप लगाने के लिए निर्देश दिए हुए हैं। लाइसेंस संबंधित कार्यवाही में भी टैक्स विभाग तेजी ला रहा है। जिसके संबंध में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।

नगर आयुक्त द्वारा बैठक में कर वसूली बढ़ाने के लिए उपस्थित जनों को कड़े निर्देश दिए गए, समस्त जोनल प्रभारियों क लक्ष्य निर्धारित किया गया। नगर आयुक्त ने कहा पूर्व वित्त वर्ष से 50 प्रतिशत से अधिक की वसूली कराई जानी है। जिसमें समस्त टैक्स विभाग की टीम अपने लक्ष्य को लेकर कार्यवाही बढ़ाएं। नगर आयुक्त द्वारा विजय नगर जोन के जोनल प्रभारी तथा मोहन नगर जोन के जोनल प्रभारी राजवीर को भी कम वसूली होने पर कड़े निर्देश दिए गए। शासन के द्वारा दिए गए लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए नगर आयुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों को 15 दिन का समय दिया गया। उनके द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि यदि 15 दिन में दिए गए लक्ष्य को पूर्ण नहीं किया जाता है तो आवश्यक कार्यवाही कराई जाएगी।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा ने बताया कि समस्त जोन हाउस टैक्स वसूली लक्ष्य पूर्ण करने के लिए तेजी पर है, शासन द्वारा कर वसूली का लक्ष्य भी बढ़ाया गया है। पूर्व में 175 करोड़ लगभग कर वसूली का टारगेट दिया गया था। जोकि इस वित्तीय वर्ष के लिए लगभग 263 करोड़ दिया गया है। जिसके चलते दिए हुए टारगेट पर मोहन नगर जोन में 35 प्रतिशत की ही वसूली की गई है, विजयनगर जून में 39 प्रतिशत की वसूली की गई है। कवि नगर जोन में 46 प्रतिशत की वसूली एवं सिटी जोन में 44 प्रतिशत की वसूली की गई है। वसुंधरा जोन में 45 प्रतिशत की वसूली की गई है। जिसके लिए नगर आयुक्त द्वारा शत प्रतिशत टारगेट पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए हैं। जिसके लिए टीम को योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के लिए निर्देशित किया जा चुका है। शहर हित मे टैक्स की वसूली बढ़ाना बेहद जरूरी है। जिसके लिए नगर निगम लगातार शहर वासियों से समन्वय बनाते हुए कार्यवाही में तेजी ला रहा है।