नगरायुक्त ने मातहतों को किया मोटिवेट, सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए दिए टिप्स

गाजियाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के मद्देनजर नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर काफी गंभीर नजर आ रहे हैं। शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए वह निरंतर मातहतों को मोटिवेट कर रहे हैं। इसी क्रम में नगर निगम सीमा क्षेत्र में मुख्य मार्गों से लेकर आंतरिक गलियों में भी सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए सभी एसएफआई और सुपरवाजरों से नगरायुक्त ने वार्ता की है। उन्हें जरूरी बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसएफआई और सुपरवाइजरों ने कर्तव्य में कोताही न बरतने का भरोसा दिलाया है।

नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने सभी एसएफआई और सुपरवाइजरों को शहर में वृहद स्तर पर सफाई व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए हैं। शहर के बाहरी मार्गों से लेकर आंतरिक गलियों में भी नगर निगम टीम को वृहद स्तर पर सफाई व्यवस्था संभालने के लिए एसएफआई समेत सुपरवाइजर से भी वार्ता की गई है। नगरायुक्त द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के मद्देनजर कई विषय भी टीम के समक्ष रखे गए। जिसमें मानकों के अनुरूप सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग, मानकों के अनुरूप शौचालय एवं पार्कों की व्यवस्था, बाहरी मार्गों के साथ-साथ आंतरिक गलियों में भी उचित सफाई व्यवस्था, शहर को अतिक्रमण मुक्त कराने, नागरिकों के साथ फीडबैक की व्यवस्था तथा अन्य कार्य करने के संबंध में निर्देश दिए गए हैं।

नगरायुक्त तंवर ने अपर नगरायुक्त अरुण कुमार यादव तथा शिवपूजन यादव को भी पूर्ण रूप से मॉनिटरिंग कर समस्त कार्यों को समय से पूर्ण कराने के लिए निर्देश दिए हैं। बैठक में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज, सभी जोनल प्रभारी, एसएफआई, सुपरवाइजर तथा अन्य विभाग के विभागाध्यक्ष भी उपस्थित रहे। उन्हें भी शहर की स्वच्छता में विशेष सहयोग करने के निर्देश दिए गए।