2 बार चला विशेष अभियान, मिले 41 करोड़ से ज्यादा
गाजियाबाद। नगर निगम ने राजस्व वसूली पर पूरा जोर दे रखा है। इसके चलते पिछले 7 माह के भीतर रिकॉर्ड 105 करोड़ रुपए का राजस्व वसूला गया है। एक अप्रैल से 31 अक्टूबर तक यह राशि वसूली गई है। पिछले साल की तुलना में यह रकम 6 करोड़ से अधिक है। इस बीच 2 बार विशेष अभियान चलाकर गृहकर विभाग ने 41 करोड़ रुपए जुटाए हैं। बकाएदारों की जेब ढील कराने और राजस्व वसूली के लिए यह अभियान निरंतर जारी है। शहर में बुनियादी सुविधाएं बढ़ाने और राजस्व वसूली पर नगर निगम का पूरा फोकस है। इसके मद्देनजर राजस्व वसूली पर गंभीरता से काम हो रहा है।
वित्तीय वर्ष 2021-22 में लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली के लिए गृहकर विभाग कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रहा है। एक अप्रैल से 31 अक्टूबर 2021 तक गृहकर विभाग ने रिकॉर्ड 105 करोड़ से ज्यादा का राजस्व जुटा लिया है। पिछले वर्ष की तुलना में यह करीब 6 करोड़ ज्यादा है। पिछले साल 31 अक्टूबर तक नगर निगम ने साढ़े 99 करोड़ से अधिक का राजस्व वसूला था। गृहकर विभाग के आंकड़ों के मुताबिक चालू वित्तीय वर्ष में एक अप्रैल से 31 अक्टूबर तक विजय नगर जोन में 5 करोड़, मोहन नगर जोन में 14 करोड़, कविनगर जोन में 21 करोड़, सिटी जोन में 20 करोड़ और वसुंधरा जोन में 43 करोड़ से ज्यादा का राजस्व वसूला गया है। इस अवधि में पिछले वर्ष की राजस्व वसूली का तुलनात्मक अध्य्यन करने पर मालूम पड़ता है कि विजय नगर जोन में सिर्फ 74 लाख, मोहन नगर जोन में 14 करोड़, कविनगर जोन में 21 करोड़, सिटी जोन में 21 करोड़ और वसुंधरा जोन में 41 करोड़ से ज्यादा की वसूली हो पाई थी।
पिछले साल और इस साल इस अवधि में राजस्व वसूली में विजय नगर जोन सबसे पीछे और वसुंधरा जोन सबसे आगे रहा। नगर निगम ने 25 सितम्बर से 16 अक्टूबर और 17 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक 2 बार विशेष अभियान भी चलाया। विशेष अभियान का काफी लाभ मिला। विशेष अभियान के पहले चरण में 15 करोड़ और दूसरे चरण में 25 करोड़ रुपए से ज्यादा की वसूली की गई। बता दें कि नगर निगम द्वारा राजस्व की की नकद और आॅनलाइन वसूली की जाती है।
नगर आयुक्त के निर्देशानुसार हाउस टैक्स वसूली बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। इन प्रयासों में आशाजनक सफलता मिल रही है। करदाताओं को 31 अक्टूबर तक वार्षिक टैक्स के भुगतान पर 20 प्रतिशत तक की छूट दी गई थी। नवम्बर से छूट का प्रतिशत 15 प्रतिशत है। 31 दिसम्बर तक 15 प्रतिशत का छूट का प्रावधान है। सम्मानित करदाताओं से अपील है कि वह बगैर देरी किए बकाया राशि का भुगतान करें। राजस्व वसूली में विभागीय कर्मचारी टीम वर्क के साथ काम कर रहे हैं।
डॉ. संजीव सिन्हा
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी
नगर निगम गाजियाबाद
















