नगर निगम ने कराया सफाई मित्रों का हेल्थ चेकअप, स्वास्थ्य बीमा योजना के प्रति किया जागरूक

शहर की सफाई के साथ-साथ सफाई मित्रों का भी स्वस्थ रहना बेहद जरुरी: म्युनिसिपल कमिश्नर

गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोगी निगम के सफाई मित्रों व कर्मचारियों के लिए म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में शुक्रवार को हेल्थ चेकअप कराया गया। सफाई मित्रों के कारण ही शहर की सफाई व्यवस्था और सुंदरता आज भी बरकरार है। शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिदिन सफाई मित्र अपनी सेवाओं को दे रहे है। साथ ही म्युनिसिपल कमिश्नर भी उन्हें प्रोत्साहित करते रहते है। म्युनिसिपल कमिश्नर ने बताया शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के साथ-साथ खुद के स्वास्थ्य का भी ख्याल रखें। जब हमारा शरीर स्वस्थ रहेगा, तभी हमारा काम भी और बेहतर होगा। जिसके लिए जरुरी है समय-समय पर स्वास्थ्य की जांच कराना, जिससे गंभीर बीमारियों का सही समय पर पता कर उसका उपचार करा सकें। नगर निगम के सभी कर्मचारी और सफाई मित्र निगम परिवार का हिस्सा है। उनके हर सुख-दुख का ख्याल रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। निगम ने स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर सफाई मित्रों का हेल्थ चेकअप कराया।

जिसमें सभी जोनों के सफाई मित्रों का हेल्थ चेकअप हुआ। साथ ही सफाई मित्रों को स्वास्थ्य बीमा योजना के बारे में जागरूक भी किया गया। स्वास्थ्य बीमा योजना से बहुत जरुरी है। देर रात तक काम करना, खाने की खराब आदतें, कोई व्यायाम ना करना और अत्यधिक तनाव, ये कारक किसी भी सेहतमंद व्यक्ति को चंद पलों में बीमार करने के लिए पर्याप्त हैं। इन स्थितियों से सुरक्षित होने के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना होना बेहद जरूरी है। खुद को सुरक्षित करने की बजाए चीजें इकट्ठा करने पर ज्यादा धन व्यय करते हैं। हम खुद को आखिर में रखने का फैसला करते हैं, जबकि आवश्यकता खुद को पहले रखने की है। हमें निश्चित रूप से पता है कि घर और कार की मरम्मत बेहद महंगी हो सकती है, लेकिन क्या आपने कभी विचार किया है कि किसी अशुभ दुर्घटना होने की दशा में आप खुद की मरम्मत कैसे कराएंगे? खुद को सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य बीमा अति आवश्यक है।


महापौर सुनीता दयाल और म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक जितना विशेष ध्यान शहर की सफाई को दे रहे हैं। उतना ही विशेष ध्यान सफाई प्रहरियों के स्वास्थ्य का भी दे रहे हैं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश कुमार को समस्त जोन के सफाई मित्रों के स्वास्थ्य चेकअप की जिम्मेदारी दी गई है। जिसके क्रम में कवि नगर जोन के अंतर्गत संजय नगर जिला अस्पताल में हेल्थ चेकअप कैंप लगाया गया। मोहन नगर जोन के अंतर्गत नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर हेल्थ चेकअप कैंप लगा। इसी प्रकार 5 जोनों में अलग-अलग स्थान पर सफाई मित्रों की हेल्थ चेकअप हेतु कैंप लग रहे हैं।