नगर निगम ने ध्वस्त किया अवैध निर्माण, भूमि कब्जा मुक्त

गाजियाबाद। शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने कड़ा रूख अपना रखा है। इसके चलते बुधवार को सिटी जोन में विशेष अभियान चलाया गया। नासिरपुर गांव में 700 वर्ग मीटर भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया गया। इस भूमि पर बाउंड्रीवाल कर पक्का निर्माण कर लिया गया था। उधर, नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर का कहना है कि अवैध निर्माण के खिलाफ निरंतर कार्यवाही होती रहेगी। यह मुहिम कतई नहीं रूकेगी। नगरायुक्त के निर्देश पर प्रवर्तन दल की टीम ने पुलिस की मदद से सिटी जोन में अभियान चलाया।

अपर नगरायुक्त अरुण कुमार यादव के नेतृत्व में जोनल प्रभारी गजेंद्र तथा संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ की टीम द्वारा नासिरपुर गांव निकट भाटिया मोड़ से 700 वर्ग मीटर जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया। वहां रतन यादव द्वारा बाउंड्रीवाल कर पक्का निर्माण किया गया था। इस संबंध में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की गई। शिकायत के आधार पर रतन यादव को नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश भी दिए गए थे, मगर भूमि खाली न होने पर नगर निगम को यह कार्यवाही करनी पड़ी।

नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने शहर में कहीं भी अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। सभी जोनल प्रभारियों को विशेष कार्यवाही करने के लिए भी कहा गया है। सभी जोनल प्रभारी संपत्ति विभाग से समन्वय स्थापित कर संपत्ति की जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करेंगे ताकि शहर में कहीं भी सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण ना हो। नगर निगम द्वारा शहर में नियमानुसार जनहित में बेहतर कार्यवाही की जा रही है। इससे जनता भी काफी प्रसन्न है।