नगर निगम सख्त, पीली ईंट का इस्तेमाल होने पर ढहा दी दीवाल, ठेकेदार को फिर से करना होगा निर्माण कार्य

चीफ इंजीनियर ने जेई को मौके पर भेजा, जेई योगेश कुमार द्वारा काम को रुकवा कर बनी हुई दीवार को ढहा दिया गया और ठेकेदार को फिर से गुणवत्तापूर्ण कार्य करने को लेकर सख्त हिदायत दी गई

गाजियाबाद। शहर में गुणवत्तापरक निर्माण कार्यों को लेकर नगर निगम काफी गंभीर है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर की मंशा के अनुरूप मुख्य अभियंता (निर्माण) एनके चौधरी निरंतर निर्माण कार्यों का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि किसी भी कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामले में जो कोई भी दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्रॉसिंग में शौचालय निर्माण में पीली ईंट का इस्तेमाल होने पर इस कार्य को तत्काल प्रभाव से रूकवा दिया गया है। ठेकेदार द्वारा जो दीवारें बनाई गई थी उसे ढहा दिया गया और ठेकेदार को पुन: कार्य करने के निर्देश दिए गए। मुख्य अभियंता (निर्माण) एनके चौधरी ने संबंधित अवर अभियंता को मौके पर निरंतर निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। जेई से कहा गया है कि वह अपनी देखरेख में बेहतर कार्य संपन्न कराएं। मुख्य अभियंता चौधरी द्वारा स्वयं भी समय-समय पर कार्यस्थलों पर जाकर निरीक्षण किया जा रहा है। क्रॉसिंग में कचरा पृथक्करण का प्लांट स्थापित है। वहां पर ठेकेदार द्वारा शौचालय का निर्माण किया जा रहा था। मौके पर पीली ईंट का इस्तेमाल होते देखा गया। चीफ इंजीनियर ने मौके पर ही तत्काल प्रभाव से कार्य रुकवाने के निर्देश दिए। अवर अभियंता योगेश कुमार द्वारा मौके पर पहुंच कर कार्य रुकवाया गया। ठेकेदार द्वारा जो दीवारें बनाई गई थी उसे ढहा दिया गया। ठेकेदार को फिर से काम करने को कहा गया साथ ही मानक अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। निगम अधिकारियों द्वारा सभी निर्माण कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशानुसार निर्माण विभाग  द्वारा शहर में जारी निर्माण कार्यों को समयानुसार पूर्ण करने को लेकर तेजी बरती जा रही है और काम के प्रति लापरवाह ठेकेदारों को सख्त चेतावनी दी जा रही है। ठेकेदारों को कार्यों को समयानुसार पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी का कहना है कि नगर निगम द्वारा ठेकेदारों को बेहतर मानक अनुरूप सामग्री उपयोग में लाने के लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं।

बता दें कि नगर निगम के सिटी, कविनगर, विजय नगर, मोहन नगर एवं वसुंधरा जोन में विभिन्न स्थानों पर निर्माण कार्य चल रहे हैं। इन कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराना निर्माण विभाग की जिम्मेदारी है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर समय-समय पर निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। इसके मद्देनजर विभागीय अधिकारी फील्ड में जाकर कार्यों का जायजा लेने में लगे हैं। चीफ इंजीनियर का कहना है कि मातहतों को मानकों के अनुरूप कार्य संपन्न कराने के संबंध में लगातार निर्देशित किया जा रहा है।