फर्जी अधिकारी बनकर दुकानदारों से करते थे वसूली, 3 गिरफ्तार

गाजियाबाद। जल्द अमीर बनने के लालच में फर्जी अधिकारी बनकर दुकानों पर छापेमारी कर रूपए की वसूली करने वाले तीन फर्जी अधिकारियों को सिहानीगेट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गय आरोपी दुकान पर जाकर पहले छापा मारते थे और फिर दुकानदार द्वारा बेचे जा रहे कंपनी के माल को नकली बताकर उनसे जुर्माने के नाम पर 10 से 20 हजार रूपए की वसूली करते थे। रूपए नही देने पर जेल भेजने की भी धमकी देते थे।

सीओ सिहानीगेट आलोक दुबे ने बताया कि एसएचओ सौरभ विक्रम सिंह की टीम ने गुरूवार को चेकिंग के दौरान डबरु आनंद पुत्र डबरु प्रेम पति निवासी एक्सोर्टिका ड्रीम विला सेक्टर-16 नोएडा एक्सटेंशन गौतमबुधनगर, संजीव कुमार पुत्र बालकिशन निवासी पंचकूला सेक्टर 7 पंचकूला हरियाणा, उमेश बंसल पुत्र रणवीर सिंह निवासी विनयपुर पोस्ट रटोल खेकड़ा बागपत को गिरफ्तार किया है। चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों ने पहले पुलिस पर अपना दबाव बनाना चाहा। लेकिन जब पुलिस को शक हुआ उनकी तलाशी ली गई तो आरोपियों के पास से फर्जी कागजात, कम्पनी ऑथोरिटी प्रपत्र, फर्जी आधार कार्ड व 33810 रूपए बरामद किए गये।

सीओ ने बताया कि आरोपी पिछले पांच वर्षों से यह धंधा चला रहे थे, जो कि दुकानदारों से लाखों रूपए ऐंठ चुके है। आरोपी पहले एक कंपनी में नौकरी करते थे, तभी तीनों की मुलाकात है। जल्द पैसा कमाने के लालच में तीनों ने मिलकर यह धंधा शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पूर्व में पुलिस के साथ मिलकर भी दुकानों पर छापेमारी की थी। जिनका अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।