– नगर निगम पौधा लगाकर किया वन महोत्सव कार्यक्रम की शुरूआत
– शहर वासियों ने स्वीकार की पौधों को वृक्ष बनाने तक की जिम्मेदारी
Forest Festival – गाजियाबाद। शहर की हरियाली बढ़ाने के लिए नगर निगम द्वारा Forest Festival का आगाज हो गया है। कविनगर जोन में श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क कविनगर इंडस्ट्रियल एरिया में मेयर आशा शर्मा एवंं नगर आयुक्त महेंन्द्र सिंह तंवर ने पौधा रोपण कर Forest Festival कार्यक्रम का शुभांरभ किया। दरअसल, हरियाली बढ़ाने के नाम पर हमेशा पौधारोपण होता रहा है, जबकि पर्यावरण संतुलन के लिए वन क्षेत्र को बढ़ाना चाहिए। वृक्ष ही वह ऑक्सीजन छोड़ते हैं जो जीवन के लिए प्राण वायु होती है। वृक्ष ही बढिय़ा बारिश के लिए मददगार होते हैं।

यह भी पढ़े : Green Ghaziabad – शहर होगा हराभरा, पार्कों में होगी हरियाली
नगर निगम उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने बताया कि Forest Festival कार्यक्रम 1 सप्ताह तक चलेगा। शहर में सभी वार्डों में पार्षदों, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों, अध्यापिका व अन्य संस्थाओं द्वारा वृक्षारोपण किया जाएगा। शासन द्वारा इस बार गाजियाबाद नगर निगम को 97 हजार वृक्षारोपण का लक्ष्य दिया गया है। योजना के अंतर्गत लक्ष्य को पूरा करते हुए करीब डेढ़ से दो लाख वृक्षारोपण शहर में किया जाएगा। पूर्व में शासन की ओर से 94 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य हासिल हुआ था। जिसमें निगम द्वारा दो गुना पौधे महानगर में रोपित किए गये थे। इस बार पौधे वहीं रोपित किए जाएंगे, जो सुरक्षित हो। संबधित क्षेत्र के हेडमाली और सुपरवाइजर को अपने-अपने क्षेत्र में पौधे की देखभाल करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। क्योंकि पौधे तो लगा दिए जाते है, लेकिन देखभाल के आभाव में वह सूख जाते है। लेकिन इस बार ऐसा नही है, पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल की जाएगी। संबधित मालियों को पौधे की देखभाल करने के निर्देश दे दिए गये है।

नगर आयुक्त महेंन्द्र सिंह तंवर ने बताया कि पर्यावरण को शुद्ध वातावरण देने के लिए ऑक्सीजन संबंधित पौधे लगाए जाएंगे तथा आम, जामुन, अनार, आंवला फलदार वृक्षों के साथ-साथ औषधि वाले पौधे नीम, मौलिश्री, नींबू व अन्य शहर में लगाए जाएंगे। सभी पौधों पर रोस्टर के अनुसार टीम बनाकर ध्यान रखा जाएगा। ताकि फलदार पौधे वृक्ष बनकर शहर वासियों को लाभान्वित करें। पौधारोपण का यह सिलसिला लगातार नगर निगम द्वारा चलाया जाता रहेगा।

मेयर आशा शर्मा ने शहर वासियों से अपील करते हुए कहा कि जिन पौधों को आज लगाया है। आगामी 1 सप्ताह तक वन महोत्सव सप्ताह के रूप में जो पौधे लगाए जाएंगे। उनका विशेष ध्यान रखना हमारी शहर वासियों की भी जिम्मेदारी है। जिसको गाजियाबाद नगर निगम का सहयोग करते हुए सभी संस्थाओं के पदाधिकारी निभाएंगे तथा शहर को एक सुंदर स्वच्छ वातावरण देने सहयोग करेंगे।

अपर नगर आयुक्त आरएन पांडे, उद्यान विभाग टीम तथा शहर में पार्षदों ने भी पौधा रोपित करते हुए Forest Festival सप्ताह का शुभारंभ किया। अपने-अपने क्षेत्रों में वृक्षारोपण क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर किया। पार्षद चंपा माहौर, राजेंद्र तीतोरिया, ओमवती, माया देवी समेत अन्य पार्षदों ने पौधा रोपित करते हुए एक-एक पौधे की जिम्मेदारी ली। बता दें कि शहर की हरियाली बढ़ाने के लिए नगर निगम हर संभव प्रयास कर रहा है। गत बुधवार को 200 पार्को का नगर निगम ने वर्क ऑर्डर जारी किया था।
















