नगर निगम का विशेष अभियान, मुख्य बाजार को कराया अतिक्रमण मुक्त, बाहरी दुकानदारों पर रोक

गाजियाबाद। नगर निगम और पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने सिटी जोन में रविवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। डीएम, एसएसपी और नगरायुक्त के आदेश पर अभियान चलाकर अतिक्रमण कर्ताओं को खदेड़ा गया। इस दौरान सरकारी अस्पताल से टाउन हॉल तक मुख्य मार्ग पर कार्रवाई की गई। इस रूट पर अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की समस्या रहती थी। खासकर पीक ऑवर्स में यह समस्या गंभीर रूप ले लेती थी। वहां बाहरी व्यापारियों के कारोबार करने पर भी रोक लगा दी गई है।

प्रात: 5 बजे सील किया बाजार
सिटी जोन अंतर्गत टाउन हॉल मुख्य मार्ग पर गंदा नाला पर लगने वाले संडे बाजार वाले स्थान को पुलिस-प्रशासन के सहयोग से नगर निगम द्वारा प्रात: 5 बजे बजे सील कर दिया गया। वहां आने वाले रेहड़ी-पटरी दुकानदारों का कार्ड चेक किया गया। उन्हें मोबाइल रेहड़ी-पटरी के रूप में व्यापार करने के लिए समझाया गया ताकि किसी एक स्थान पर अतिक्रमण न किया जा सके।

बाहरी व्यापारियों पर लगाई रोक
जोनल प्रभारी गजेंद्र ने बताया कि पिछले 4 साल से लगातार उक्त स्थान पर अवैध रूप से बाजार लगाया जा रहा था। जहां पर आवागमन में जटिल समस्या शहरवासियों के लिए बनी हुई थी, जिसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी कई बार प्राप्त हुई थी, मगर अभियान चलाने के बाद पुन: बाजार स्थापित कर लिया जाता था। योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर उक्त स्थान को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।

जोनल प्रभारी ने बताया कि शहर के बाहर दिल्ली, हापुड़, गढ़, मेरठ, मुरादनगर तक से व्यापारी गलत तरीके से गाजियाबाद नगर निगम सीमा अंतर्गत आकर व्यापार करते थे जो कि पूर्ण रूप से गलत था। जिस पर रोक लगा दी गई है और उन्हें वापस भेजा गया। यदि उनके द्वारा दोबारा से अवैध रूप से निगम सीमांतर्गत व्यापार किया जाएगा तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम, पुलिस व प्रशासन द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्य से शहर की जनता व जनप्रतिनिधि बेहद खुश हैं। अधिकारियों ने ग्राहकों से भी सहयोग करने की अपील की है।