शहर की खूबसूरती बढ़ाने को नगर निगम की अनूठी पहल, ट्रैफिक लाइट के साथ स्वच्छता सर्वेक्षण बोर्ड मोह रहा मन

गाजियाबाद। शहर को खूबसूरत बनाने के लिए नगर निगम हरसंभव पहलुओं पर काम कर रहा है। नगर निगम की नई पहल से शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ आगंतुक भी आकर्षित हो रहे हैं। विभिन्न मुख्य चौराहों पर ट्रैफिक लाइट लगी हैं। यह लाइटें वाहन चालकों एवं राहगीरों को रूकने तथा जाने के लिए रेड एवं ग्रीन लाइट का इंडिकेशन देती हैं। आजकल ट्रैफिक लाइट के बराबर में स्वच्छता सर्वेक्षण-2022 का बोर्ड भी लाइट के अनुरूप जगमगाता नजर आता है। खासकर रात में यह बोर्ड आगंतुकों का मन मोह लेता है।

नगर निगम के इस प्रयास से स्वच्छता का संदेश भी फैल रहा है। शहर को साफ-सुथरा, अतिक्रमण मुक्त एवं आकर्षक बनाने के लिए नगर निगम निरंतर प्रयास कर रहा है। इसी दिशा में आकर्षक इलैक्ट्रिक बोर्ड लगाए गए हैं। यह बोर्ड स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के साथ-साथ खूबसूरती को भी बढ़ा रहे हैं। शहर में विभिन्न स्थानों पर ट्रैफिक लाइट के साथ स्वच्छता सर्वेक्षण-2022 का यह रंगीन बोर्ड रात में बेहद सुंदर एवं मनमोहक दिखाई देता है। हापुर चुंगी चौराहा से आरडीसी-राजनगर, गोविंदपुरम, डायमंड फ्लाईओवर व राजनगर एक्सटेंशन की तरफ रास्ते जाते हैं।

इसके अलावा हिंडन एयरपोर्ट की तरफ जाने वाला चौराहा व अन्य स्थानों पर भी इसी प्रकार के बोर्ड लगाए गए हैं। ट्रैफिक सिग्नल के बगल में यह बोर्ड आगंतुकों को आकर्षित कर रहे हैं। शहर हित में नगर निगम निरंतर विभिन्न सरकारी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर काम कर रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। विभागों से समन्वय होने के कारण समस्याओं का निदान करना आसान हो रहा है। रेलवे, विद्युत विभाग के अलावा अन्य विभागों के साथ अब निगम का अच्छा तालमेल है। इन विभागों के साथ मिलकर जनहित से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं।

ट्रैफिक लाइट के साथ स्वच्छता सर्वेक्षण-2022 का जगमगाता बोर्ड भी इसी बात का इंडिकेशन है कि सभी विभाग मिलकर जनहित में बेहतर कार्य कर रहे हैं। ट्रैफिक लाइट ग्रीन होने पर एक बड़ा आकार का बोर्ड भी ग्रीन हो जाता है तथा रेड होने पर पूरा बोर्ड रेड हो जाता है, जिससे वाहन चालकों को तुरंत इंडिकेशन मिलता है। इसी कड़ी में नगर निगम मुख्य चौराहों व आंतरिक गलियों में भी जरूरी कार्यों को ससमय करा रहा है। मुख्य चौराहों पर लगे स्टैच्यू हो या आंतरिक गलियों में पेंटिंग इत्यादि कार्य, सभी समय से पूर्ण कराए जा रहे हैं।

शहर को साफ-सुथरा एवं खूबसूरत रखने के लिए नगर निगम अपने स्तर से कोई कमी नहीं छोड़ रहा है। इस कार्य में पार्षदों व नागरिकों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। किसी कार्य को निपटाने में यदि किसी विभाग के सहयोग की जरूरत पड़ती है तो विभागीय अधिकारी तत्काल संवाद करने से भी पीछे नहीं हटते हैं।
महेंद्र सिंह तंवर
नगरायुक्त
गाजियाबाद नगर निगम