-प्लास्टिक मुक्त शहर में सहयोग कर रहे वॉलिंटियस
गाजियाबाद। नगर निगम ने शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की मुहिम को और मजबूत किया है। इसके तहत नगरायुक्त के निर्देश पर शहर के वॉलिंटियर्स को साथ में जोड़ा गया है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर विभागीय अधिकारियों तथा वॉलिंटियर्स के साथ समन्वय स्थापित कर कई बैठकें कर चुके हैं। इसी क्रम में मंगलवार को वॉलिंटियर्स द्वारा अपनी सोसाइटी से एकत्र प्लास्टिक नगर निगम में जमा कराई गई तथा उसके बदले नंदी पार्क से अच्छी क्वालिटी का उतने ही किलोग्राम वर्मी कंपोस्ट प्राप्त किया गया।
उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी तथा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश ने संयुक्त रूप से बताया कि मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर नगर निगम द्वारा शहर के वॉलिंटियर्स को साथ में जोड़ा गया है। वह अपनी इच्छा से प्लास्टिक को सोसाइटी में एकत्र करते हैं। नगर निगम की गाड़ी जब वहां जाती है तो प्लास्टिक प्राप्त कर लेती है और उन्हें उतना ही किलो वर्मी कंपोस्ट खाद उपलब्ध कराई जा रही है। यह खाद नंदी गौशाला मे बनाई जाती है।
वसुंधरा जोन की 15 सोसाइटी से नवंबर में लगभग 1722 किलोग्राम प्लास्टिक नगर निगम में जमा कराया गया तथा निगम से 1722 किलोग्राम अच्छी क्वालिटी की खाद वर्मी कंपोस्ट प्राप्त की। वसुंधरा जोन की आदित्य मेगा सिटी, आशियाना ग्रीन, एंजल मर्करी आदि सोसाइटी ने इस कार्य में सहयोग किया तथा आगे भी अधिक से अधिक संख्या में प्लास्टिक एकत्र कर निगम को उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है, जिससे प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने की मुहिम को आगे बढ़ाया जाएगा। वर्मी कंपोस्ट खाद को सोसाइटियों के पार्कों में यूज किया जाएगा, जिससे वातावरण में पेड़-पौधों का बेहतर विकास होगा। वसुंधरा जोन के स्वास्थ्य विभाग के सीएसएफआई पवन गुप्ता के नेतृत्व में बेहतर कार्य किया गया तथा वसुंधरा जोन के वॉलिंटियर्स के अलावा शहर के भी वॉलिंटियर निगम से जुड़ रहे हैं, जिससे शहर में एक स्वच्छ वातावरण के साथ-साथ प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने में सहयोग प्राप्त हो सकेगा।















