नगर निगम के 100 वार्डों में बढ़ेंगे 1 लाख से ज्यादा मतदाता: ऋतु सुहास

गाजियाबाद। नगर निगम एवं नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत के दिसंबर में संभावित चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई है। इस बार चुनाव से पहले मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान लोगों के साथ ही राजनीतिक दलों ने भी गु्रप हाउसिंग सोसायटियों में रहने वाले लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस बार चुनाव में बढ़े हुए मतदाता नतीजों में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

निकाय चुनाव के लिए जिला प्रशासन द्वारा मतदाता सूची तैयार कराई जा रही है। ऐसे में नगर निगम के 100 वार्डों में 1 लाख से ज्यादा मतदाताओं के बढऩे की संभावना है। इस मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 18 नवंबर को किया जाएगा। नगर निगम के अलावा नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत क्षेत्र में कई वार्ड ऐसे हैं,जिनमें वर्ष-2017 से अब तक गु्रप हाउसिंग सोसायटियां बनकर तैयार हो गई हैं। लेकिन अधिकांश में आबादी कम थी। ऐसी सोसायटियों में बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी थे, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया था।

इस बार नगर निगम सीमा क्षेत्र में वार्डों में मतदाताओं की संख्या बढ़ेगी। इनमें महरौली, शाहपुर-बम्हेटा, नूरनगर, सिहानी, डूंडाहेड़ा, मकनपुर, प्रहलाद गढ़ी, सदरपुर समेत कई ऐसे ग्रामीण क्षेत्र के वार्ड हैं जिनमें अब बहुमंजिला सोसायटियां बन गई हैं। महरौली, शाहपुर-बम्हेटा की जमीन पर वेव सिटी, गोल्फ लिंक, महागुनपुरम, जयपुरिया, अंसल, नूरनगर-सिहानी की जमीन पर राजनगर एक्सटेंशन में करीब 40 सोसायटियां बस गई हैं। इन सोसायटियों में रहने वाले लोगों ने इस बार मतदाता सूची में नाम शामिल कराया है।

एडीएम प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋतु सुहास का कहना है कि नगर निगम के वार्डों में मतदाताओं की संख्या में इस बार बढ़ोतरी होगी। बीते 31 अक्टूबर को प्रकाशित सूची के हिसाब से सबसे ज्यादा आबादी वाले पांच वार्ड है। इनमें वार्ड संख्या-5 में आबादी-18769, वार्ड संख्या-76 आबादी-18,762, वार्ड-56आबादी-18,660, वार्ड-9 आबादी-18,613,वार्ड-1 आबादी-18,567 हैं। जबकि सबसे कम आबादी वाले 5 वार्ड में वार्ड संख्या-96 में आबादी-14,158, वार्ड-37 आबादी-14,167, वार्ड-25 आबादी-14,274, वार्ड-88 आबादी-14,301, वार्ड-59 आबादी-14,330 है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋतु सुहास का कहना है कि निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने का कार्य किया जा रहा है। इस मतदाता सूची का 18 नवंबर को अंतिम प्रकाशन कराया जाएगा। एक से सात नवंबर के बीच जिन लोगों ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फार्म भरा है। उनका नाम 18 नवंबर को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा।