27वें राउंड के बाद लगभग तैयार हो गई है गाजियाबाद के लोनी विधान सभा की तस्वीर
गाजियाबाद। लोनी विधान सभा सीट से भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर की जीत लगभग तय हो गई है। नंदकिशोर गुर्जर ने सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी मदन भैय्या पर लगभग 34 हजार वोटों की निर्णायक बढ़त बना ली है। 27वें राउंड के बाद लोनी विधान सभा क्षेत्र की तस्वीर साफ हो गई है। नंदकिशोर निरंतर दूसरी बार विधायक बनते दिखाई दे रहे हैं। 27वें राउंड तक भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर को कुल 93 हजार 239, गठबंधन प्रत्याशी मदन भैय्या को 59 हजार 171, बसपा प्रत्याशी आकिल को 18 हजार 657 व निर्दलीय रंजीता धामा को 24703 वोट मिल चुके हैं।
उधर, गाजियाबाद सदर सीट पर भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग शानदार जीत की ओर अग्रसर नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा-रालोद गठबंधन के उम्मीदवार विशाल वर्मा को लगभग 37 हजार मतों से पीछे छोड़ रखा है। ऐसे में इस सीट पर भाजपा की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है।
12वें राउंड तक भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग को कुल 48597, सपा-रालोद गठबंधन के विशाल वर्मा को 11 हजार, बसपा के के.के. शुक्ला को 9907 और कांग्रेस के सुशांत गोयल को सिर्फ 3082 वोट मिल पाए थे। गाजियाबाद जनपद में विधान सभा की सभी 5 सीट पर मतगणना प्रक्रिया जारी है। पांचों सीट पर भाजपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं।















