पासपोर्ट सेवाओं में पारदर्शिता और समयबद्ध निस्तारण के लिए नई पहल

  • क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप के नेतृत्व में पासपोर्ट सेवा केंद्रों में विशेष अभियान, नागरिकों को मिलेगा शीघ्र अपॉइंटमेंट
  • साहिबाबाद और क्षेत्रीय डाकघर केंद्रों पर विशेष रूप से खोले जाएंगे स्लॉट
  • नागरिकों के लिए समयबद्ध, सुगम और पारदर्शी सेवा सुनिश्चित करने पर जोर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पासपोर्ट बनवाने के इच्छुक नागरिकों के लिए राहत की खबर है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय द्वारा पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत 7 फरवरी  शनिवार को पासपोर्ट सेवा केंद्र साहिबाबाद सहित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के क्षेत्राधिकार में आने वाले सभी डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र विशेष रूप से खोले जाएंगे, जहां नागरिकों के पासपोर्ट आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। यह पहल विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य पासपोर्ट सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए नागरिकों को शीघ्र अपॉइंटमेंट उपलब्ध कराना और लंबित आवेदनों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित करना है।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत अछनेरा, आगरा, अलीगढ़, बागपत, बुलंदशहर, हाथरस, मेरठ, मुजफ्फरनगर, नोएडा, सहारनपुर एवं वृन्दावन स्थित सभी डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों पर अतिरिक्त स्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप, भारतीय विदेश सेवा, के नेतृत्व में यह अभियान पासपोर्ट सेवाओं को जन-उन्मुख बनाने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है। कार्यभार संभालने के बाद से ही अनुज स्वरूप ने नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए प्रशासनिक संवेदनशीलता, अनुशासन और कार्यक्षमता का परिचय दिया है। उनकी कार्यशैली का स्पष्ट उद्देश्य यह है कि आम नागरिकों को पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया में अनावश्यक प्रतीक्षा, तकनीकी अड़चनों और असुविधाओं का सामना न करना पड़े। अनुज स्वरूप ने बताया कि वर्तमान समय में पासपोर्ट सेवाओं की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, विशेषकर विद्यार्थियों, नौकरीपेशा युवाओं, विदेश जाने वाले कामगारों और वरिष्ठ नागरिकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नागरिकों को समय पर अपॉइंटमेंट मिले और उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पहल केवल एक दिन की नहीं, बल्कि सेवा सुधार की निरंतर प्रक्रिया का हिस्सा है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर ऑनलाइन स्लॉट बुक कर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित केंद्र पर समय से पहुंचें। इससे न केवल आवेदकों का समय बचेगा, बल्कि पासपोर्ट सेवाओं का निस्तारण भी अधिक सुचारु रूप से किया जा सकेगा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अनुज स्वरूप की निगरानी में पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद में कार्यसंस्कृति में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। कर्मचारियों को समयबद्ध कार्य, शालीन व्यवहार और सेवा भाव के साथ कार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। विशेष अभियानों के माध्यम से लंबित मामलों को कम करने और नागरिक संतुष्टि बढ़ाने पर निरंतर जोर दिया जा रहा है। यह विशेष अभियान न केवल पासपोर्ट सेवा तंत्र को मजबूत करेगा, बल्कि आमजन के बीच प्रशासन के प्रति विश्वास को भी और सुदृढ़ करेगा। नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इस प्रकार के अभियानों से पासपोर्ट सेवाएं और अधिक सहज, पारदर्शी और समयबद्ध बनेंगी।
अनुज स्वरूप
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी
हमारा उद्देश्य नागरिकों को पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना है। इस विशेष अभियान के माध्यम से हम सुनिश्चित करेंगे कि आवेदकों को समय पर अपॉइंटमेंट मिले और लंबित मामलों का निस्तारण शीघ्र और सुचारु रूप से हो। यह पहल केवल एक दिन की नहीं, बल्कि सेवा सुधार की निरंतर प्रक्रिया का हिस्सा है।
अनुज स्वरूप
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी