गाजियाबाद। कांग्रेस के नवनियुक्त महानगराध्यक्ष लोकेश चौधरी ने सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। उन्होंने सोमवार को महानगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय कंपनी बाग (घंटाघर) में मुख्य कार्यालय का कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार संभालने के बाद नवनियुक्त महानगराध्यक्ष लोकेश चौधरी ने केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों से आज देश के हालात बद से बदतर हो रहे हैं। आमजन को खून के आंसू बहाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। भाजपा को करारा जबाव दिया जाएगा।
बता दें कि कांग्रेस के महानगराध्यक्ष पद पर अब से पहले मनोज कौशिक जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके स्थान पर अब लोकेश चौधरी को यह दायित्व सौंपा गया है। कांग्रेस से लोकेश का काफी पुराना नाता है। नवनियुक्त महानगराध्यक्ष लोकेश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी मेहनत से निभाएंगे। पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह पद सौंपा है वह उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी विधान सभा चुनाव में पार्टी मजबूती के साथ लड़ेगी। इसके लिए हर छोटे से छोटे कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
लोकेश चौधरी ने कहा कि हम एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ गलियों और सड़कों पर उतरेंगे। सरकार की गलत नीतियों के कारण आम आदमी पर महंगाई का बोझ बढ़ा है और आम आदमी की कमर तोड़ टूट गई है। बढ़ती मंहगाई के खिलाफ एकजुट होकर प्रदर्शन करेंगे और 2022 के विधान सभा चुनाव में भाजपा को हराकर कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। लोकेश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के प्रत्येक सदस्य को साथ लेकर चलेंगे क्योंकि वो कांग्रेस पार्टी के सिपाही हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी विधान सभा चुनाव में गाजियाबाद महानगर की तीनों सीट पर कांग्रेस का झंडा फहराया जाएगा। उम्मीद है कि सभी मिल-जुल कर कार्य करेंगे और कांग्रेस, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करेंगे। भाजपा को करारा जवाब दिया जाएगा। झूठ एवं फरेब की राजनीति नहीं चलने दी जाएगी। इसके पहले पूर्व महानगराध्यक्ष मनोज कौशिक ने अपना कार्यभार लोकेश चौधरी को सौंपा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विजेंद्र यादव, पार्षद जाकिर अली सैफी, सतीश शर्मा पूर्व मंत्री, नरेंद्र राठी, सुनील चौधरी, आशुतोष गुप्ता महासचिव, महकार सिंह, कासिम प्रधान, जितेंद्र कुमार गौड़, लालमन, विजय पाल, प्रेम प्रकाश चीनी, नसीम खान, पार्षद विकास सुल्तान खारी, विजय गोयल, पूजा मेहता, पूजा चड्ढा, ममता त्यागी, जय किशन, सुरेंद्र कुमार शर्मा, उज्जवल वर्मा, जी.पी. यादव, महेंद्र गौतम, बबलू सेन, अजय वर्मा, वीके अग्निहोत्री, सुनील शर्मा, सलीम सैफी, दिलशाद मलिक, विमलेश कुमार माथुर, वीर सिंह तोमर, चौधरी शहीद अहमद, अमर सिंह, अवनीश मेहता, जावेद खान, के.एन. पांडे, ओम दत्त गुप्ता, मनोज शर्मा, श्रीपाल सिंह, वीरेंद्र पाल सिंह, अमन त्यागी आदि मौजूद रहे।
















