पुरानी पेंशन: 1 अक्टूबर को गाजियाबाद से हजारों की भीड़ जुटाने में जुटा अटेवा

पुरानी पेंशन बहाल होने तक सरकार के खिलाफ जारी रहेगा आंदोलन

गाजियाबाद। देश में पुरानी पेंशन बहाली के लिए चल रहा आंदोलन अब जोर पकड़ने लगा है। अब नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम (एनएमओपीएस) द्वारा एक अक्टूबर को रामलीला मैदान में ही एक विशाल रैली आयोजित की जा रही है। वहीं पुरानी पेंशन बहाली के लिए होने वाली पेंशन शंखनाद महारैली को लेकर शुक्रवार को जनपद गाजियाबाद के अटेवा जिला अध्यक्ष मनीष शर्मा एवं महामंत्री रामशेष वर्मा ने उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों से मुलाकात कर जिले के नगर निगम के संघ कार्यालय में बैठक की।

बैठक में अटेवा के नेतृत्व में दिल्ली में होने वाली महारैली में गाजियाबाद से एक विशाल रैली भेजने के लिए रणनीति तैयार की गई। गाजियाबाद जिले से करीब 12 बसे दिल्ली के लिए कूच करेगी, जिसमें करीब हजारों लोगों की भीड़ जुटाने के लिए जिलाध्यक्ष मनीष शर्मा पिछले करीब एक माह से कड़ी मेहनत कर रहे है। जिलाध्यक्ष ने कहा पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा, अब जीवन मरण का प्रश्न बन चुका है। पिछले करीब एक वर्ष से इस रैली की तैयारी हो रही है।

विभिन्न राज्यों का दौरा कर सरकारी कर्मियों से दिल्ली पहुंचने की अपील की गई है। कई राज्यों में सरकारी कर्मियों ने अपने-अपने तरीके से ओपीएस की मांग उठाई है। कहीं पर कर्मियों की पदयात्रा तो कहीं साइकिल यात्रा निकाली गईं। राज्यों की राजधानियों से लेकर जिला स्तर पर पुरानी पेंशन बहाली की गूंज सुनाई पड़ती है। पुरानी पेंशन लागू होने से सरकार को कोई नुकसान नहीं होगा। सरकार, जानबूझकर कर्मियों को परेशान कर रही है। जब पांच राज्यों में पुरानी पेंशन बहाल हो सकती है, तो पूरे देश में क्यों नहीं। बैठक में अटेवा ने संघ से पुरानी पेंशन बहाली के आंदोलन में सक्रिय भूमिका में योगदान के देने का आवाहन किया। जिलाध्यक्ष अटेवा मनीष कुमार शर्मा ने समर्थन मांग पत्र राकेश अग्निहोत्री, प्रदेश महामंत्री उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ को सौपा।

बैठक में अन्य पदाधिकारी सलीम अब्बासी (प्रदेश उपाध्यक्ष), संजय वर्मा (महामंत्री स्थानीय यूनिट नगर निगम संघ), जयदेव कौशिक (प्रभारी, मेरठ मंडल), संजीव गोयल (प्रभारी पश्चिमी उत्तर प्रदेश, संजीव शर्मा (उपाध्यक्ष-नगर निकम वाहन चालक संघ) एवं सदस्य संजय त्यागी, जिला अस्पताल से संजय (डीपीए गाजियाबाद) और नरेंद्र उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों का अटेवा टीम ने आभार प्रकट करते हुए दिल्ली रैली में प्रतिभाग करने का आवाहन किया। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने अपना पूर्ण समर्थन प्रदान किया और कहा कि हम सभी से दिल्ली रैली का आवाहन करेंगे और सभी पदाधिकारी रैली में प्रतिभाग करेंगें।