-गहन पड़ताल के बावजूद नही कोई गड़बड़ी, जिला आबकारी अधिकारी की शराब माफियाओं को सख्त हिदायत
-देशी और विदेशी शराब के 30 दुकानों से एकत्रित किए नमूने
गाजियाबाद। अलीगढ़ में जहरीली शराब कांड पीने से हो चुकी 47 लोगों की मौत के बाद रविवार को दूसरे दिन भी जिले में मजिस्ट्रेट और आबकारी निरीक्षकों ने पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त रूप से छापेमारी कार्रवाई की। शनिवार को भी प्रशासन, पुलिस एवं आबकारी विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से जिले में शराब की 507 दुकानों पर छापेमारी की थी। वहीं, रविवार को जिलाधिकरी अजय शंकर पांडेय एवं डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक के निर्देश पर छापेमारी करते हुए टीमों ने शराब की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल भी लिए और बार कोड की जांच की गई। जिले में हालांकि छापेमारी के दौरान कोई अवैध शराब नहीं मिली।
एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट खालिद अंजुम,सीओ प्रथम महिपाल सिंह,सीओ इंदिरापुरम अंशु जैन ने आबकारी निरीक्षक अरूण कुमार,आबकारी निरीक्षक आशीष पांडेय,रमाशंकर सिंह, आबकारी निरीक्षक त्रिभुवन सिंह हयांकी, सीलम मिश्रा ने कोतवाली, विजयनगर, इंदिरापुरम, वसुंधरा, वैशाली,लोनी के अलावा मोदीनगर, मुरादनगर, मसूरी आदि इलाकों पर शराब की दुकानों पर छापेमारी की गई।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश सिंह ने कहा कि अलीगढ़ की घटना के बाद शराब की दुकानों पर छापेमारी कार्रवाई की जा रही है। दुकानों पर अवैध शराब नहीं मिली। यह छापेमार कार्रवाई जारी रहेगी। अगर शराब की दुकानों पर अवैध शराब पाई गई तो संबंधित दुकानों और उसके ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
30 दुकानों से देशी और विदेशी शराब के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय लैब में भेजे गए हैं। मदिरा की दुकानों पर यदि अवैध मदिरा पाई जाएगी तो मदिरा की दुकानों और उसके अनुयायियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। गाजियाबाद में उच्च अधिकारियों द्वारा जगह-जगह पर मदिरा की दुकानों का निरीक्षण किया गया और किसी भी दुकान पर कोई आपत्तिजनक वस्तु या अवैध मदिरा नहीं पाई गई।
उन्होंने बताया कि सभी शराब विक्रेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। इसके बावजूद किसी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर ठोस कार्रवाई की जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी का कहना है कि जनपद में अवैध शराब की बिक्री किसी सूरत में बरदाश्त नहीं की जाएगी। इस अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने को हरसंभव कोशिशें की जा रही हैं।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी, तीन तस्कर गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त उप्र के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस-प्रशासन एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा अवैध मदिरा की बिक्री एवं परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत आशीष पांडेय आबकारी निरीक्षक सेक्टर-4 के नेतृत्व में आबकारी स्टॉफ एवं खोड़ा पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से प्रगति विहार जर्दा फैक्ट्री क्षेत्र में दबिश दी गई।
दबिश के दौरान अभियुक्त आयुष पुत्र अशोक निवासी प्रकाश नगर खोड़ा को अवैध रूप से बिक्री करते 45 पव्वे अवैध देशी शराब मार्का असली संतरा फॉर सेल इन हरियाणा के साथ गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के विरूद्ध थाना खोड़ा में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धारा में मुकद्मा पंजीकृत कर जेल भेजा गया है। वहीं आबकारी विभाग एवं नंदग्राम पुलिस की टीम द्वारा रविवार को संयुक्त रूप से कार्रवाई कर 2 अलग-अलग स्थानों से सच्चे निवासी घूकना को 39 पव्वे रेस 7 हरियाणा मार्का के साथ तथा शीश पाल निवासी नंदग्राम को 48 पव्वे क्रेजी रोमियो हरियाणा मार्का के साथ गिरफ्तार किया गया। जिला आबकारी अधिकारी राकेश सिंह ने कहा कि आगे भी इसी प्रकार जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय के मार्गदर्शन में निरंतर अवैध शराब की छापेमारी जारी रहेगी। दोनों अभियुक्त के विरूद्ध उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत संबंधित थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराकर जेल भेजा गया।
















