नगर निगम की योजनाओं को प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने सराहा

प्लास्टिक टूरिज्म व मियावाकी पद्धति को देखकर जताई प्रसन्नता

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव नगर विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम विभाग अमृत अभिजात शनिवार को गाजियाबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नगर निगम की विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं का जायजा लिया। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने उन्हें इन योजनाओं के विषय में विस्तार से अवगत कराया। प्रमुख सचिव ने इन योजनाओं की प्रशंसा की। प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने शनिवार को नगर निगम की मियावाकी पद्धति, प्लास्टिक टूरिज्म, गार्बेज फैक्ट्री, एसटीपी इंदिरापुरम, नंदी पार्क गौशाला तथा अन्य कई प्रमुख योजनाओं का निरीक्षण किया।

इन योजनाओं को देखकर उन्होंने नगरायुक्त तथा अन्य अधिकारियों को बेहतर कार्यों के लिए प्रेरित किया। प्रमुख सचिव ने मुख्य रूप से ब्रिज विहार नाला जल शुद्धिकरण की कार्यशैली में और बेहतर कार्य करने के संबंध में निर्देश भी दिए। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने प्लास्टिक टूरिज्म के विषय में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार प्लास्टिक को रि-साइकल कर उपयोग में लाया जा रहा है। इसके अलावा गार्बेज फैक्ट्री के बारे में भी विस्तृत रूप से बताया गया।

मियावाकी पद्धति के साथ किए जा रहे पौधरोपण की प्रमुख सचिव द्वारा सराहना की गई। साथ ही स्वयं मियावाकी पद्धति से पौधरोपण किया गया। उन्होंने गौशाला में भी गोवंश को गुड़ खिलाया तथा वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर नगरायुक्त के अलावा अपर नगरायुक्त शिवपूजन यादव, अरुण कुमार यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, महाप्रबंधक जल आनंद त्रिपाठी, जोनल प्रभारी व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।