-पं. गोविंद बल्लभ पंत का योगदान सभी के लिए प्रेरणास्रोत एवं अनुकरणीय: डीएम
गाजियाबाद। आजादी के अमृत महोत्सव एवं चौरी चौरा शताब्दी समारोह की श्रृंखला में जनपद में शुक्रवार को भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की जयंती सदभाव पूर्वक मनाई गई। जिला मुख्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पं. गोविंद की तस्वीर पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समर्पित देशभक्त एवं कुशल प्रशासक थे।
उप्र के विकास और राष्ट्र निर्माण में पं. गोविंद बल्लभ पंत का योगदान सभी के लिए प्रेरणास्रोत एवं अनुकरणीय है। उनकी सक्रियता और काबिलियत को देखकर आजादी के बाद उन्हें देश के सबसे बड़े प्रदेश की कमान सौंपी गई। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री के रूप में भी पं. गोविंद बल्लभ पंत ने देश की उस समय की आंतरिक चुनौतियों का सफलता से सामना किया। वह वास्तव में भारत की राजनीति में मूल्यों, आदर्शों और शुचिता के प्रतीक थे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पं. गोविंद बल्लभ पंत को याद किया। इस मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व यशवर्धन श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट विपिन कुमार, एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम सदर देवेन्द्र पाल सिंह आदि अधिकारी उपस्थित रहे।















