पूर्वांचल समाज ने नगर निगम को बोला थैंक्यू

-मेयर और नगर आयुक्त से भेंटकर जताया आभार, छठ पूजा को लेकर नगर निगम की तैयारियों से हुए प्रभावित

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा जहां शहर को प्रतिदिन अपने कार्यों से बेहतर सुविधाएं दी जाती हैं। वहीं दूसरी और मुख्य पर्व पर विशेष व्यवस्थाएं की जाती है। दीपावली के बाद आने वाला महापर्व छठ धूमधाम से मनाया गया। छठ पर्व पर व्रतियों के पूजा स्थल हिंडन नदी समेत चिन्हित 63 घाटों पर नगर निगम द्वारा बहुत सुंदर व्यवस्था की गई। नगर निगम की व्यवस्थाओं से प्रभावित होकर शुक्रवार को पुरबिया समाज से जुड़े लोगों ने मेयर आशा शर्मा और नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर से भेंट कर आभार व्यक्त किया। नगर निगम द्वारा छठ पर्व के चलते पहले से घाटों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया था। घाटों पर आने वाले व्रतियों को कोई परेशानी न हो इसके चलते पेयजल, प्रकाश, शौचालयों की व्यवस्था के साथ सौंदर्यकरण का विशेष कार्य किया गया था। श्रद्धालुओं के मार्गों में पैच वर्क की व्यवस्था के साथ बैठने की व्यवस्था, फागिंग की व्यवस्था, महिला श्रद्धालुओं के लिए वस्त्र बदलने की व्यवस्था समेत विभिन्न व्यवस्थाआ की गई थी। छठ महापर्व पर सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर पुरबिया संस्था के अध्यक्ष रीता, महासचिव राकेश तिवारी ने नगर आयुक्त का आभार व्यक्त किया। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि छठ पर्व को सफल बनाने के लिए नगर निगम के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं पार्षद और शहर के गणमान्य लोगों ने बखूबी अपनी जिम्मेदारी निभाई।