रामभक्तों ने किया टोली का भव्य स्वागत
गाजियाबाद। अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण के लिए संघ परिवार के सदस्यों के द्वारा धन संग्रह अभियान चलाया जा रहा है। इसके पांचवे दिन मंगलवार को टीमें एक बार फिर सुबह से ही श्री राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह अभियान में जुट गईं। इसमें सभी ने काफी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। टोलियों का रामभक्त जय श्रीराम के जयकारों के साथ स्वागत कर रहें है। राजनगर एक्सटेंशन में श्री राम मंदिर के भव्य निर्माण के लिए निधि संग्रह के लिए निकली टोली का स्थानीय नागरिकों ने पुष्पों की वर्षा एवं आरती कर भव्य स्वागत किया। श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर निधि संग्रह के दौरान बड़ी संख्या में लोग दान देने के लिए आगे आ रहे हैं। 
घर-घर पहुंच रहे कार्यकर्ताओं को कोई भी मायूस नहीं होने दे रहा है। वरिष्ठ भाजपा नेता सौरभ जायसवाल ने बताया दुनिया के आराध्य प्रभु श्रीराम के मंदिर निर्माण के लिए घर-घर जाकर निधि संग्रह की जा रही है। लोग इसमें धन देकर खुद को भाग्यवान मान रहे हैं। श्रीराम मंदिर निर्माण से ही राष्ट्र निर्माण संभव है। सैकड़ों वर्ष बाद ये शुभ घड़ी आई है। भाजपा नेता ने बताया अयोध्या में भगवान श्री राम का मंदिर निर्माण हो इसके लिए लोग काफी समय से सपना देख रहे थे। अब भगवान श्री राम के मंदिर निर्माण हो रहा है तो हम चाहते हैं कि हमारी ओर से भी कुछ धनराशि मंदिर में लगे। यह हमारे लिए काफी सौभाग्य की बात होगी। इसलिए मंदिर निर्माण के लिए सभी लोग अपने-अपने स्तर के हिसाब से कुछ न सहयोग करने के लिए आतुर हैं। भगवान श्री राम मंदिर के निर्माण के लिए दिल खोलकर सहयोग दे रहे है और अपने आप को काफी सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं कि हमारे द्वारा दी गई धनराशि का मंदिर में प्रयोग होगा। इस दौरान अनुज शर्मा, पंकज भारद्वाज आदि रामभक्त उपस्थित रहे।
















