-मुख्य मार्गों और लाइफ लाइन रोड के निर्माण में जल्द पूरी करने का लक्ष्य
-जीडीए उपाध्यक्ष ने ज़ोनल सड़क विकास कार्यों की समीक्षा कर गति बढ़ाने के निर्देश दिए
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बुधवार को राजनगर एक्सटेंशन में चल रहे सड़क विकास कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया और संबंधित अनुभागों के अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर बाधा को शीघ्रता से दूर करते हुए नागरिकों को जल्द से जल्द सुविधा प्रदान की जाए। अधिकारियों को अवगत कराया गया कि बंधा रोड से नूर नगर को जाने वाली 18 मीटर चौड़ी सड़क पर मिट्टी भराई और सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। रिवर हाईट सोसाइटी के पास निर्मित 24 मीटर चौड़ी सड़क से ग्राम नूर नगर को जाने वाली सड़क पर भी कार्य प्रारंभ हो चुका है। राजनगर एक्सटेंशन की मुख्य मार्ग जो ग्राम सिकरोड से मेरठ रोड तक जाती है, उसमें शेष 900 मीटर लंबाई का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिसका शुभारंभ स्थानीय विधायक द्वारा नारियल तोड़कर किया गया।
उपाध्यक्ष ने कहा कि “हम तुम रोड” के चौड़ीकरण का कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा। चौड़ीकरण के लिए भूमि अर्जन/क्रय के कार्य को प्राधिकरण के भू-अर्जन अनुभाग द्वारा तेजी से किया जा रहा है। भूमि उपलब्ध होते ही सड़क निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। राजनगर एक्सटेंशन की लाइफलाइन मानी जाने वाली आउटर रिंग रोड का विस्तार 45 मीटर से बढ़ाकर 60 मीटर करने का सर्वे पूरा हो चुका है। भूमि उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा। हिमालयन सोसाइटी के पीछे 24 मीटर सड़क पर आ रही बाधाओं को भी जल्द दूर कर दिया जाएगा। अग्रवाल हाईट से भटटा नंबर 5 तक 30 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण में किसानों से वार्ता कर बंद पड़े कार्य को शीघ्र पुन: शुरू किया जाएगा। इस मार्ग के निर्माण के बाद आसपास की सोसाइटियों के निवासियों को सीधे लाभ मिलेगा। श्रीराम हाईट सोसाइटी से भटटा नंबर 5 को जोडऩे वाली 45 मीटर चौड़ी सड़क के लिए निविदा प्राप्त हो चुकी है और प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू किया जाएगा।
राजनगर एक्सटेंशन की आंतरिक सड़कों जैसे सोना पैलेस से आशियाना चौक होते हुए गुलमोहर गार्डन के पीछे वाले गेट तक की सड़क, जीडी गोयनका स्कूल के सामने स्टेडियम जाने वाली सड़क, मुख्य बंधा रोड अजनारा इंटीग्रीटी से अजनारा फ्रेग्रेन्सी तक की सड़क तथा गोल चक्कर चैराहे से अग्रवाल हाइट के आगे तक की सड़क का सुदृढीकरण किया जाएगा। इन सभी कार्यों के लिए व्ययनुमान तैयार किया गया है और प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया के माध्यम से कार्य आरंभ किया जाएगा। अतुल वत्स ने कहा कि इन तमाम सड़क निर्माण कार्यों के पूर्ण होने के बाद राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र की बड़ी आबादी को लंबे समय से परेशान कर रहे ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
साथ ही यह क्षेत्र आधुनिक, सुचारू और सुरक्षित सड़क नेटवर्क से जुड़ जाएगा, जिससे नागरिकों की आवाजाही आसान होगी और क्षेत्र की बुनियादी संरचना में सुधार आएगा। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए और सुनिश्चित किया जाए कि सभी सड़क निर्माण योजनाएं समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरी हों। यह प्रयास गाजियाबाद के नागरिकों को बेहतर जीवनयापन और सुविधा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राजनगर एक्सटेंशन की सड़कों का यह व्यापक सुधार परियोजना न केवल ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार लाएगी, बल्कि क्षेत्र की विकासशील छवि को भी मजबूत करेगी। उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जीडीए प्रत्येक सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
















