नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में भाजपा की ताकत मजबूत, निर्विरोध चुने गए 6 सदस्य

-महापौर सुनीता दयाल की सटीक रणनीति ने बनाई शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम कार्यकारिणी सदस्यों के चयन की प्रक्रिया बुधवार को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में पूरी तरह व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। महापौर सुनीता दयाल की कुशल रणनीति और प्रशासनिक सटीकता के चलते कार्यकारिणी चुनाव में कोई विवाद, प्रदर्शन या हंगामा नहीं हुआ। कुल छह सदस्य निर्विरोध चुने गए। महापौर की अध्यक्षता एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक की देखरेख में सम्पन्न इस बैठक में भाजपा के पांच पार्षद और कांग्रेस के एक पार्षद को सर्वसम्मति से कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। सपा और बसपा के पार्षद इस बार नामांकन दाखिल करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए, जिससे कार्यकारिणी में भाजपा की मजबूती और बढ़ गई।
बैठक सुबह 11:30 बजे शुरू हुई, जहां महापौर ने वंदेमातरम गान कराकर सदन की बैठक का शुभारंभ किया।

उन्होंने जीएसटी दरों में कटौती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद प्रस्ताव पारित कराया और पार्षदों के बीच इसे सर्वसम्मति से अपनाया। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में “एक पौधा मां के नाम” कार्यक्रम के तहत इंदिरापुरम एसटीपी के पास उपवन का नाम “हीराबेन उपवन” रखा गया। वहीं, विजय नगर मिलिट्री ग्राउंड में बने उपवन का नाम “नमो उपवन” रखा गया। महापौर ने सभी 100 वार्डों में 50-50 लाख रुपए के विकास कार्यों के लिए बजट की घोषणा की। इसके तहत सड़क निर्माण, पार्किंग, उद्यान विकास, जल आपूर्ति, स्वच्छता और इन्फ्रास्ट्रक्चर सुधार जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस निर्णय से नगर निगम की कार्यकारिणी का कोरम भी पूर्ण हुआ और अब सभी विकास कार्यों की निगरानी कुशलता से की जा सकेगी। इस दौरान उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी सुनील राय समेत निगम के सभी अधिकारी मौजूद रहे।

निर्विरोध चुने गए कार्यकारिणी सदस्य और उनकी जिम्मेदारियां
निविरोध कार्यकारिणी में भाजपा से प्रवीण चौधरी, प्रमोश यादव, गौरव सोलंकी, विनील दत्त और देव नारायण तथा कांग्रेस से अजय शर्मा चुने गए। इन सदस्यों की नियुक्ति के बाद कार्यकारिणी के 12 सदस्यों में कोरम पूरा हो गया और अब कार्यकारिणी पूरे नगर निगम के विकास कार्यों की योजना, बजट और निगरानी में सक्रिय भूमिका निभाएगी।

चुनाव प्रक्रिया में सुरक्षा और अनुशासन पर विशेष ध्यान
चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुई। नगर निगम प्रवर्तन दल और सिहानी गेट थाना पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। महापौर के निर्देशानुसार केवल पार्षदों को सभागार में प्रवेश दिया गया, किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं मिला। इससे चुनाव में पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित हुआ।

महापौर की रणनीति और पार्षदों के सहयोग से सफल चुनाव
महापौर सुनीता दयाल की सटीक रणनीति और पार्षदों के सहयोग से यह चुनाव बिना किसी व्यवधान के सम्पन्न हुआ। निर्विरोध चुने गए सभी सदस्यों ने महापौर का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस चुनाव ने यह भी स्पष्ट किया कि गाजियाबाद नगर निगम में प्रशासनिक कुशलता और पार्षदों के बीच समन्वय से महत्वपूर्ण निर्णय आसानी से लिए जा सकते हैं।

नगर निगम में विकास और प्रशासनिक कार्यों पर फोकस
निर्विरोध चुनाव के बाद नगर निगम कार्यकारिणी अब विकास और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने में सक्षम होगी। सभी वार्डों में निर्धारित बजट के अनुसार सड़क, पार्क, जलापूर्ति और अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास कार्य समयबद्ध तरीके से संपन्न होंगे। इससे नगर निगम के पार्षद और नागरिक दोनों ही लाभान्वित होंगे।