यूपी में कानून का राज, तेजी से घूम रहा विकास का पहिया : मंत्री सुरेश खन्ना

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री एवं मेरठ मंडल के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना मंगलवार को गाजियाबाद पहुंचे। उन्होंने जिला मुख्यालय सभागार में जनपद के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक के उपरांत उन्होंने योगी सरकार के सौ दिन के कार्यों और उपलब्धियों से पत्रकारों को रूबरू कराया। मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज कानून का राज है। विकास का पहिया भी तेजी से घूम रहा है। विकास योजनाएं एवं कार्यक्रम अब बेवजह लटके नहीं रहते हैं। उन पर त्वरित कार्यवाही होती है। उन्होंने बताया कि पीएम आवास योजना के तहत 19468 नागरिकों को अब तक मकान दिए गए हैं।

अभुदय योजना के तहत 310 बच्चों को कोचिंग दिलाई जा रही है। 6500 आयुष्मान कार्ड वितरित हो चुके हैं। 100 दिनों में प्रदेश सरकार द्वारा 10 हजार नागरिकों को सरकारी नौकरी दी गई है। गाजियाबाद में गन्ना किसानों का करीब 12000 करोड़ रुपए का भुगतान करने, 21000 लोगों को स्वरोजगार योजना के तहत चयनित कर 37000 करोड़ रूपए वितरित करने आदि की उन्होंने जानकारी दी। हाल ही में आजमगढ़ और रामपुर में हुई भाजपा की प्रचंड जीत का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा की सरकार पर विश्वास किया है। इसी के तहत आजमगढ़ और रामपुर में भाजपा ने सपा के गढ़ को भी तहस-नहस कर वहां से प्रचण्ड जीत हासिल की है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास प्राथमिकता के साथ जारी रहेगा। वार्ता के दौरान जब उनसे डीएम सर्किल रेट के हिसाब से हाउस टैक्स बढ़ाने के मामले में सवाल किया गया तो उनका कहना था कि नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स डीएम सर्किल रेट से बढ़ाने का जो प्रस्ताव निगम प्रशासन ने बोर्ड बैठक में रखा है उस पर नगर निगम बोर्ड द्वारा लिए गए निर्णय को ही सही माना जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम बोर्ड में जो जनप्रतिनिधि होते हैं वह जनता के हित को समझते हुए डीएम सर्किल रेट से हाउस टैक्स नहीं बढ़ाने का फैसला लिया है। वह फैसला सही है और शासन भी इसको सही मानता है। इससे उम्मीद की जा सकती है कि फिलहाल डीएम सर्किल रेट से हाउस टैक्स नहीं बढ़ेगा।

समीक्षा बैठक में महापौर आशा शर्मा, लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर, साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, गाजियाबाद शहर विधायक अतुल गर्ग, मुरादननगर विधायक अजीत पाल त्यागी, मोदीनगर विधायक मंजू सिवाच, जल संसाधन मंत्री एवं हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, एसएसपी मुनिराज जी आदि अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।