रूसवाई: गुस्से में आकर प्रेमी ने प्रेमिका के सामने नहर में छलांग लगाई

-इंटरव्यू देने के बहाने निकला था घर से, सर्च ऑपरेशन जारी

गाजियाबाद। मसूरी गंगनहर में पूर्व प्रेमिका की रूसवाई के चलते बुधवार को दो बच्चों के पिता ने पूर्व प्रेमिका के सामने नहर में छलांग लगा दी। नहर में डूबने के बाद उसके शव की शाम तक तलाश की गई। मगर उसका शव नहीं मिल सका। नोएडा स्थित ग्राम गढ़ी चौखंडी निवासी आकाश (25) बुधवार को सुबह घर से सेक्टर नोएडा-61 में इंटरव्यू देने के लिए कह कर निकला था। रास्ते में उसे पूर्व प्रेमिका मिल गई। युवती का कहना है कि वह गढ़ी चौखंडी स्थित अपने मां के घर पर आई थी। सुबह 9 बजे जैसे ही वह टेलर की दुकान पर कपड़े लेने गई। तभी अचानक उसे बाइक पर आकाश मिल गया। उसने कहा कि मैं तुम्हारे घर पर छोड़ दूंगा। वह उसे बाइक पर बिठा कर तेजी से आगे को चलता रहा। पूर्व प्रेमिका ने विरोध किया तो आकाश ने चुन्नी से गला दबाने की कोशिश की। गला देखने पर स्पष्ट प्रतीत हो रहा है कि युवती के गले पर नाखूनों के निशान भी लगे हुए हैं। मसूरी स्थित गंग नहर पुल के पास लाकर आकाश ने बाइक रोकी और युवती से कहने लगा कि वह सदैव के लिए जा रहा है अब तू अपने घर चली जा। तभी आकाश ने गंग नहर में छलांग लगा दी और पानी में समा गया। पीछे से वह भी उसे देखने पहुंची। तभी लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।युवती का आरोप है कि आकाश उसकी हत्या करना चाहता था। वर्ष 2016 में आकाश की शादी हुई थी उसके दो बच्चे भी हैं जबकि युवती की 6 महीने पहले ही शादी हुई थी। युवती का कहना है कि शादी से पूर्व आकाश से वह दो चार बार मिली थी। परंतु आकाश उससे एकतरफा प्यार करता था। वहीं, मसूरी थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि आकाश के नहर में डूबने की सूचना मिलने पर एनडीआरएफ की टीम को संपर्क किया गया। उधर, नहर में डूबने की सूचना मिलने के बाद थाने में आकाश के परिजन भी पहुंच गए। उन्होंने करवाई के लिए कोई शिकायत पत्र नहीं दिया। उधर, देर शाम तक भी आकाश का कोई सुराग नहीं मिला। थाना प्रभारी के मुताबिक दोनों के बीच कोई नोंक झोंक भी हुई। इतने में किसी बात को लेकर आकाश वहां से उठा और टहलने लगा और अचानक नहर में छलांग लगा दी। इससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में आसपास के लोगों ने नहर में कूद कर आकाश को बचाने का प्रयास किया, लेकिन काफी तलाश के बाद वह हाथ नहीं आया। आखिर में स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने एनडीआरएफ को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंच कर बचाव कार्य शुरू कर दिया। देर शाम तक पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने आकाश को नहर से निकालने के लिए काफी कोशिश की,मगर सभी कोशिश बेकार हो गई है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर लड़के और लड़की दोनों के परिजन मौके पर पहुंच गए थे। दोनों पक्षों से काफी पूछताछ हुई है। खबर लिखे जाने तक किसी पक्ष ने कोई शिकायत नहीं दी।