समस्याओं के साथ समाधान पर नगर आयुक्त से आरडब्ल्यूए ने की चर्चा

गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक से जनसुनवाई के दौरान कई आरडब्ल्यूए पदाधिकारी द्वारा मुलाकात की गई। जिसमें समस्याओं के साथ-साथ समाधान पर भी विस्तृत चर्चा हुई। नगर आयुक्त द्वारा नेहरू नगर, वसुंधरा आरडब्लूए पदाधिकारी, रामप्रस्था ग्रीन फेडरेशन के पदाधिकारियों से उनकी समस्याओं को जाना और संबंधित अधिकारियों को कार्यवाही के निर्देश दिए। साथ ही जन जागरूकता अभियान में सहयोग करने की अपील की। कचरा पृथक्करण, वायु प्रदूषण की रोकथाम, पार्कों की व्यवस्था, डॉग फीडिंग पॉइंट, नालों की मरम्मत व सफाई, बाजारों को व्यवस्थित करने, रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई। जिसमें मुख्य रूप से पॉलिथीन मुक्त अभियान में निगम टीम का सहयोग करने के लिए उपस्थित जनों ने अपना कदम आगे बढ़ाया।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, फेडरेशन के पदाधिकारियों का निगम की योजनाओं में जन जागरूकता अभियान चलाने के लिए सहयोग मांगा। जिस पर सभी ने निगम का सहयोग करने के लिए कहा। साथ ही अलग-अलग स्थान पर विशेष कार्यवाही करने के लिए कार्य योजना भी बनाई। नगर निगम द्वारा शहर हित में शासन की जन लाभकारी योजनाओं के प्रति शहर वासियों को जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है। जिसके क्रम में महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आरडब्ल्यूए पदाधिकारी के साथ भी सीधी वार्ता करते हुए चल रही योजनाओं के बारे में मोटिवेट कर रहे हैं। जनसुनवाई के दौरान उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, वार्ड संख्या 74 की पार्षद नरेश भाटी व अन्य उपस्थित रहे।