नगर निगम की बैठक में आरडब्ल्यूए फेडरेशन तथा फ्लैट ओनर फेडरेशन ने बताई समस्या

– 1 सप्ताह के अंदर समस्याओं के निस्तारण का उद्यान प्रभारी ने दिया आश्वासन

गाजियाबाद। नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ के निर्देशानुसार उद्यान प्रभारी डॉ अनुज सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को नगर निगम मुख्यालय में गाजियाबाद आरडब्ल्यूए फेडरेशन तथा फ्लैट ओनर फेडरेशन की पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्नल टीपीएस त्यागी सहित लगभग 25 पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया और अपने-अपने क्षेत्र की समस्या बताई। इंदिरापुरम, राज नगर एक्सटेंशन व अन्य ऐसी सोसाइटी जोकि जीडीए को हैंडोवर है, उनकी आरडब्लूए पदाधिकारियों ने भी अपनी समस्या से नगर निगम को अवगत कराया।
जिसमें नगर निगम द्वारा जीडीए को पत्राचार करते हुए समस्या का समाधान करने के लिए आश्वस्त किया अन्य उपस्थित जनों ने सफाई संबंधित, सीवर संबंधित, प्रकाश विभाग संबंधित शिकायतें मुख्य रूप से नोट कराई। जिनको आगामी 1 सप्ताह के भीतर निस्तारित कराने के लिए विभागीय अधिकारियों को नगर आयुक्त ने निर्देश दिए बैठक में नगर निगम द्वारा आए हुए आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का पुष्प देकर स्वागत किया गया।

नगर आयुक्त का कहना है कि नगर निगम की समस्याओं के समाधान में आरडब्ल्यूए फेडरेशन के पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहता है। जो कि सेवा भाव से निगम का सहयोग करते हैं। शहर हित में इनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की नगर निगम सराहना करता है। नगर आयुक्त द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए निर्देशित किया। बैठक उद्यान प्रभारी डॉ अनुज सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कर्नल टीपीएस त्यागी द्वारा क्यूक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) के आधार पर निगम को कार्यवाही करने की अपील की। जिस पर देखा जा रहा है कि निगम द्वारा तत्काल प्रभाव से कई कार्य क्यूआरटी के तहत ही कराए जा रहे हैं।

उद्यान प्रभारी डॉ अनुज सिंह ने बताया कि शहर की समस्या के निस्तारण के लिए नगर आयुक्त के निर्देशानुसार कार्रवाई की जा रही है। बैठक में आरडब्लूए द्वारा बताई गई समस्याओं के समाधान के लिए संबधित अधिकारी को भेज दी गई है। जल्द ही इसका निस्तारण कर दिया जाएगा। नगर जिस तरह आरडब्लूए नगर निगम के कार्यों में अपना सहयोग करता है। ठीक उसी तरह नगर निगम भी उनकी समस्याओं का निस्तारण करने के लिए प्रतिबंध है।

बैठक में कैलाश चंद्र शर्मा, आरके आर्य, आरपी शर्मा, अनुज त्यागी, मनीष सक्सेना, संध्या त्यागी, सुनीता भाटिया व अन्य आरडब्ल्यूए पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिनके द्वारा न्यू आर्य नगर, इंदिरापुरम, लाइन पार, राज नगर एक्सटेंशन, वैशाली सेक्टर 5, वसुंधरा, राजेंद्र नगर श्याम पार्क व अन्य क्षेत्रों सहित पांचों जोन की शिकायतों पर चर्चा की गई।