कड़ाके की ठंड, नगर निगम के रैन बसेरों में मिलेगी घर जैसी सुविधा

-12 स्थाई तथा 6 अस्थाई रैन बसेरों पर गद्दे, कंबल, चादर, शौचालय, अलाव व मनोरंजन के लिए एलईडी की व्यवस्था

गाजियाबाद। बढ़ती ठंड को लेकर नगर निगम ने भी सभी इंतजाम पुख्ता कर लिए है। सर्दी के मौसम में लोगों को फुटपाथ पर रात न गुजारनी पड़े इसके लिए शेल्टर होम व अस्थाई रैन बसेरों की व्यवस्था और शहर में अलाव की व्यवस्था की गई है। अगर आप गाजियाबाद में आ रहे है और आपके पास रुकने के लिए कोई वैकल्पिक स्थान नही है तो इसके लिए नगर निगम ने सभी चौराहे पर दिशा सूचक तथा होल्डिंग्स लगाए है। जिसकी मदद से आपकों शेल्टर होम व अस्थाई रैन बसेरों में रुकने की जगह मिल सकती है। जहां आपकों घर जैसी सभी सुविधाएं मिलेगी। आपकों गद्दे, कंबल, चादर, दरी व शौचालयों की व्यवस्था के साथ-साथ मनोरंजन के लिए एलईडी की व्यवस्था कराई गई है। नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ के निर्देशानुसार रैन बसेरों पर गद्दे, कंबल, चादर, दरी, व शौचालय की व्यवस्था के साथ-साथ जहां मनोरंजन के लिए एलईडी भी लगाई गई है। वही सैनिटाइजेशन, मास्क की व्यवस्था भी कराई गई है, जिसको वरिष्ठ प्रभारी शिवपूजन यादव अपर नगर आयुक्त की देखरेख में व्यवस्थित कराया जा रहा है।

शिवपूजन यादव अपर नगर ने बताया कि मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ के निर्देशानुसार 12 स्थाई तथा 6 अस्थाई रैन बसेरो पर मूलभूत सुविधाएं व्यवस्थित कराई गई है। जिसमें पर्याप्त मात्रा में गद्दे, कंबल, चादर, दरी, रसोई में बर्तन, सिलेंडर, मनोरंजन के लिए एलइडी, शौचालय, स्नानघर, आग से सुरक्षा के लिए फायर सिलेंडर, सुरक्षा व्यवस्था के लिए सुरक्षा गार्ड, संपूर्ण प्रकाश व्यवस्था, शीत लहर से बचाव के लिए अलाव की व्यवस्था, सैनिटाइजेशन व मास्क की व्यवस्था स्थाई शेल्टर होम पर कराई गई है। इसी के अनुरूप अस्थाई रैन बसेरों पर गद्दे, कंबल, तखत, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षा गार्ड, संपूर्ण प्रकाश व्यवस्था, मास्क सैनिटाइजेशन की व्यवस्था कराई गई है। जिनका जायजा प्रतिदिन प्रात: और शाम को संबंधित जोनल प्रभारियों द्वारा भी लिया लिया जा रहा है।

रैन बसेरों पर चिकित्सा सुविधा के लिए डॉक्टर हों नामित: नगर आयुक्त
मूलभूत सुविधाओं की की व्यवस्था रैन बसेरों पर कराई गई हैं। वहीं दूसरी ओर चिकित्सा व्यवस्था के लिए भी नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है जिनके द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्राचार करते हुए रैन बसेरों पर डॉक्टर नामित करने के लिए भी कार्यवाही की जाए। आश्रय लेने वाले व्यक्तियों के लिए फर्स्ट एड बॉक्स की सुविधा तो है ही इसके अलावा डॉक्टर भी नामित किए जाएंगे। ताकि किसी प्रकार की असुविधा मौके पर ना हो और तुरंत इलाज भी दिया जा सकें।

रैन बसेरों की जानकारी के लिए शहर में लगे दिशा सूचक तथा होल्डिंग्स
नगर निगम द्वारा आश्रयहीन तथा यात्रियों के लिए बहुत ही बेहतर व्यवस्था कराई गई है। जिसमें रेलवे स्टेशन तथा बस अड्डे के आसपास रैन बसेरों की सूचना के लिए होल्डिंग्स भी लगाए गए हैं। शहर में कई स्थानों पर रेन बसेरा तक पहुंचने के लिए दिशा सूचक भी लगाए गए हैं। नगर आयुक्त की योजना के अनुसार नगर निगम द्वारा कराई जा रही व्यवस्था सराहनीय है। जिसकी प्रशंसा जनप्रतिनिधि भी कर रहे हैं, होल्डिंग्स के अंदर जोन अनुसार रैन बसेरों की सूचना दी गई है। उनको व्यवस्थित कर रहे जोनल प्रभारियों का भी विवरण दिया गया है। जिस पर संपर्क करते हुए संबंधित अपने सर्दी से रुकने की व्यवस्था के लिए वहां आश्रय ले सकता है।

नजारत प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने बताया कि पेसिफिक मॉल कौशांबी के सामने, रोडवेज बस अड्डा मोहन नगर चौराहे के सामने, रेलवे स्टेशन साहिबाबाद, हापुर रोड कवि नगर फ्लाईओवर के नीचे, कोतवाली जीटी रोड के सामने, डबल टंकी मिर्जापुर विजयनगर, के पास 6 अस्थाई रैन बसेरे बनाये गए हैं। इसी क्रम में स्थाई रैन बसेरों में भी व्यवस्था की गई है। जोकि नासिर पुर फाटक रेलवे क्रॉसिंग कवि नगर, ग्रीन हाउस नया गाजियाबाद रेलवे स्टेशन, कम्युनिटी सेंटर कौशांबी, खजूरी पार्क मोहन नगर, डीएलएफ कॉलोनी के पीछे मोहन नगर, कम्युनिटी सेंटर लाजपत नगर, मधुबन कूलर फैक्ट्री के पीछे मालीवाडा चौक, लाल क्वार्टर लोहिया नगर, संतोष अस्पताल के सामने बस स्टैंड, रेड मॉल के पीछे नया बस अड्डा, सेक्टर-11 बी ब्लॉक प्रताप विहार विजय नगर जोन, कमला सिनेमा के पीछे बिहारीपुरा विजयनगर है। जहां नगर आयुक्त द्वारा समय-समय पर निरीक्षण किया जा रहा है। जिसकी व्यवस्थाओं में अन्य विभाग द्वारा भी कार्यवाही कराई जा रही है।