-थाना समाधान दिवस पर डीएम-एसएसपी ने सुनी जनमा की समस्या
गाजियाबाद। थानों में आने वाले पीडि़तों की समस्याएं एवं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका तत्काल निस्तारण कराया जाए। शनिवार को थाना समाधान दिवस पर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं कार्यवाहक एसएसपी मुनिराज जी ने मुरादनगर और मसूरी थाने में पीडि़तों की समस्याएं सुनने के दौरान यह दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं कार्यवाहक एसएसपी मुनिराज जी ने एएसपी आकाश पटेल, एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह एवं मुरादनगर थाना प्रभारी सतीश कुमार एवं मसूरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह की मौजूदगी में दोनों थानों में पीडि़तों की समस्याएं सुनीं। वहीं, दोनों थानों में पहुंचकर निरीक्षण भी किया।थाना समाधान दिवस में मसूरी थाने में क्षेत्र की एक महिला की दबंगों द्वारा 10 साल से भूमि कब्जा करने का मामला सामने आया। कार्यवाहक एसएसपी मुनिराज जी से महिला ने शिकायत की। जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने उस महिला की समस्या का निस्तारण करने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी को निर्देशित किया कि उक्त महिला की भूमि को कब्जा मुक्त कराएं।

महिला की 10 साल से कब्जा की गई भूमि को कब्जामुक्त कराकर महिला को वापिस किए जाने पर पीडि़त परिवार ने खुशी प्रकट की। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शनिवार को जिले के सभी थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मौके पर थानों में आने वाली फरियादी की समस्याएं एवं शिकायतें सुनने के बाद इनमें कुछ का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निस्तारण किया जाए। थानों में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को सुनने के साथ एफआईआर दर्ज होने वाले मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए। ताकि शिकायतकर्ता की समस्या का निस्तारण हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में कोई भी अधिकारी किसी प्रकार की लापरवाही एवं शिथिलता न बरते। इन शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का निराकरण संभव कराएं ताकि लोगों की शिकायतों का निस्तारण हो सके।
















