बल्क मिल्क कूलर स्थापित करने को जल्द शुरू करें कार्रवाई: अभिनव गोपाल

  • डीसीडीसी की बैठक में सीडीओ ने अधिकारियों को दिए निर्देश

उदय भूमि

गाजियाबाद। जनपद में बल्क मिल्क कूलर स्थापित करने के लिए सहकारिता विभाग से समन्वय कर जल्द कार्रवाई शुरू करें। गुरूवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने अपने कार्यालय में डीसीडीसी की बैठक करते हुए अधिकारियों को यह दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने दुग्ध उत्पादक को बल्क मिल्क कूलर स्थापित करने के लिए परियोजना अधिकारी को सहकारिता विभाग से समन्वय कर कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। बैठक में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता,उप महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक, डीडीएम नाबार्ड आदि अधिकारी उपस्थित रहे। सीडीओ ने बैठक में निर्देश दिए कि मत्स्य विभाग को सहकारिता विभाग के सहयोग से पर्ल फार्मिंग व फिश फॉडर मशीनरी आदि क्रियान्वित कराए। पैक्स कंप्यूटराइजेशन के तृतीय चरण में चयनित समितियों में मानक के अनुसार सुविधाएं पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए।

इसके साथ ही सभी ग्राम पंचायत को सहकारिता विभाग की विभिन्न समितियों की स्थापना के लिए ग्रामों का वर्गीकरण उनके कार्य के आधार पर करने के उपरान्त जगह उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया। बी-पैक्स पर संचालित जन सेवा केंद्र,जन औषधि केंद्र,किसान क्रेडिट कार्ड,पशुपालन तथा कृषि ऋण के लिए अन्य विभागों के लाभार्थियों को समिति से प्राप्त सुविधा अनुमन्य कराने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।